प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की राजकीय यात्रा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 27-29 जून 2026 तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने माहे के विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की। आधिकारिक वार्ता के बाद, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक संयुक्त स्मारक लोगो जारी किया।
इसके बाद दोनों देशों के बीच क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग), यूपीआई (UPI), स्वास्थ्य, कृषि, शिपिंग, अंतरिक्ष (स्पेस), प्रत्यर्पण (एक्स्ट्राडिशन) और लाइन ऑफ क्रेडिट (ऋण सुविधा) जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) और समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। इस लाइन ऑफ क्रेडिट की कुल राशि 1250 करोड़ रुपये है।
राष्ट्रीय असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने
दिन के उत्तरार्ध में, प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की राष्ट्रीय असेंबली के एक असाधारण सत्र को संबोधित किया। इसके साथ ही वह सेशेल्स की संसद को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
ऐतिहासिक संबंधों की झलक
ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार, साल 1770 में पहली बार पांच भारतीय बागान श्रमिकों के रूप में, सात अफ्रीकी दासों और 15 फ्रांसीसी प्रवासियों के साथ सेशेल्स पहुंचे थे, जिन्हें हिंद महासागर में स्थित इस द्वीप राष्ट्र के पहले निवासियों के रूप में दर्ज किया गया है। आज भारतीय मूल के लोग इस द्वीप राष्ट्र की कुल आबादी का 5 प्रतिशत हैं। ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान कुछ समय के लिए सेशेल्स का शासन बॉम्बे प्रेसीडेंसी से चलाया जाता था, जिसके कारण भारत से नियमित रूप से जहाजों का आवागमन और वस्तुओं की आपूर्ति होती थी।
भारतीय प्रवासियों की मजबूत स्थिति
सेशेल्स की नागरिकता प्राप्त भारतीय मूल के व्यक्तियों (PIOs) की संख्या वर्तमान में लगभग 6,000 अनुमानित है, जो कि लगभग 120,000 की कुल आबादी वाले देश में एक महत्वपूर्ण संख्या है। इनमें से अधिकांश लोग गुजराती और तमिल समुदायों से ताल्लुक रखते हैं।
जब 29 जून 1976 को सेशेल्स को स्वतंत्रता मिली थी, तब भारतीय नौसेना के जहाज ‘आईएनएस नीलगिरी’ (INS Nilgiri) के एक सैन्य दल ने उनके स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया था। इस वर्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि (Guest of Honour) के रूप में शामिल हुए।
यात्राओं और पुरस्कारों का इतिहास
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था, जबकि सेशेल्स की यात्रा करने वाली पहली भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं, जिन्होंने 1981 में वहां का दौरा किया था। साल 2015 में सेशेल्स के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति डी. करुणाकरन को ‘प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था। वह इस पुरस्कार को पाने वाले सेशेल्स के दूसरे नागरिक बने। उनसे पहले वर्ष 2006 में यह सम्मान वहां के उद्यमी और राष्ट्रपति के चिकित्सा सलाहकार वी. रामदास को दिया गया था।
भौगोलिक स्थिति
सेशेल्स पश्चिमी हिंद महासागर में स्थित एक द्वीप गणराज्य है, जो लगभग 115 द्वीपों से मिलकर बना है। इसका सबसे नजदीकी पड़ोसी देश केन्या है। भौगोलिक रूप से सेशेल्स अफ्रीका महाद्वीप में स्थित एक द्वीपसमूह देश है।
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES
CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)




