ज्ञान साझा करने के लिए डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर-दीक्षा (DIKSHA)
ज्ञान साझा करने के लिए डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर यानी दीक्षा (DIKSHA) एक ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म है, जो देश भर के छात्रों और शिक्षकों को विभिन्न भाषाओं में उच्च गुणवत्ता वाली, और पाठ्यक्रम से जुड़ी डिजिटल शिक्षण अध्ययन सामग्री तक आसान पहुँच प्रदान करता है। यह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ‘पीएम ई-विद्या’ (PM e-Vidya) पहल का एक मुख्य हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ऑनलाइन माध्यमों से शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित करना है। दीक्षा को स्कूली शिक्षा के लिए देश का ‘एक राष्ट्र, एक डिजिटल प्लेटफॉर्म’ (One Nation, One Digital Platform) कहा गया है।
यह NCERT और CIET की संयुक्त पहल है। वर्ष 2017 में लॉन्च किए गए इस प्लेटफॉर्म का नेतृत्व राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET) के सहयोग से किया जा रहा है। दीक्षा प्लेटफॉर्म को विभिन्न आवश्यकताओं के अनुरूप ढाला जा सकता है, यही वजह है कि इसे लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न शिक्षा बोर्डों द्वारा व्यापक रूप से स्वीकार और अपनाया गया है।
कक्षा 1 से 12वीं तक का संपूर्ण समाधान यह प्लेटफॉर्म ‘के-12’ (कक्षा 1 से 12वीं) तक की संपूर्ण डिजिटल शिक्षा के लिए शिक्षण सामग्री प्रदान करता है, जिसमें बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता (FLN) से लेकर सीनियर सेकेंडरी (उच्चतर माध्यमिक) स्तर की शिक्षा शामिल है।
दीक्षा प्लेटफॉर्म की मुख्य विशेषताएँ:
- व्यक्तिगत शिक्षण (Personalised Learning): यह असीमित अभ्यास प्रश्नों, विस्तृत समाधानों, अनुकूलक आकलनों (adaptive assessments) और योग्यता-आधारित प्रश्न बैंकों के साथ व्यक्तिगत रूप से सीखने की क्षमता को बढ़ावा देता है। इससे छात्रों की कमियों को पहचानकर समय पर उनका सुधार करने में मदद मिलती है।
- शिक्षकों का व्यावसायिक विकास: यह ‘निष्ठा’ (NISHTHA) और राज्य-विशिष्ट टीपीडी (TPD) मॉड्यूल के माध्यम से शिक्षकों के व्यावसायिक विकास का समर्थन करता है। इसके तहत देश भर के शिक्षकों को उनके कौशल को बढ़ाने के लिए प्रमाणित और अपनी सुविधानुसार पूरी की जाने वाली ट्रेनिंग दी जाती है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अनुरूप तैयार यह एकीकृत प्रणाली—कंटेंट निर्माण, संपादन, उपभोग और विश्लेषण को एक साथ जोड़कर—समावेशी, डेटा-आधारित और रोचक तरीके से शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है।
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES
CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)




