केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ‘आरोग्य सेतु 2.0’ लॉन्च किया

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने  29 जून, 2026 ‘आरोग्य सेतु 2.0’ (Aarogya Setu 2.0) ऐप को लॉन्च किया। कोविड-19 महामारी के दौरान कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और खतरों के प्रति जागरूकता के लिए ‘नेशनल डिजिटल पब्लिक गुड’ के रूप में विकसित किए गए इस ऐप को अब आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के दृष्टिकोण के तहत पूरी तरह से बदल दिया गया है। अब यह ऐप देश के नागरिकों के लिए एक व्यापक पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड (PHR) और डिजिटल हेल्थ एप्लीकेशन के रूप में काम करेगा।

एकल नागरिक-केंद्रित डिजिटल गेटवे

आरोग्य सेतु 2.0 स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँचने के लिए सिंगल, नागरिक-केंद्रित डिजिटल गेटवे के रूप में कार्य करेगा। यह व्यक्तियों और परिवारों के लिए एक विश्वसनीय पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड प्लेटफॉर्म होने के साथ-साथ ABDM सेवाओं के राष्ट्रीय स्तर पर प्रसार और अपनाने का माध्यम बनेगा।

इस ऐप के जरिए नागरिक ABDM-आधारित कई सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • आभा (ABHA) आईडी बनाना: डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्र का निर्माण।
  • हेल्थ रिकॉर्ड प्रबंधन: स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेजों को सुरक्षित रखना।
  • स्कैन एंड रजिस्टर (Scan & Register): अस्पतालों में बिना लंबी लाइनों के तुरंत औ आसान पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) की सुविधा।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से मेडिकल रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण

आरोग्य सेतु 2.0 की सबसे बड़ी खासियत इसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताएं हैं। यह ऐप लैब रिपोर्ट जैसे कागजी और अव्यवस्थित मेडिकल रिकॉर्ड को स्कैन कर डिजिटल रूप में बदलने के लिए AI का उपयोग करेगा।

  • इसके लिए गूगल के ओपन-सोर्स ‘मेडिकल डेटा टूलकिट’ (Medical Data Toolkit) का इस्तेमाल किया गया है।
  • यह टूलकिट स्कैन की गई पीडीएफ (PDF) और तस्वीरों सहित असंरचित (unstructured) मेडिकल दस्तावेजों को प्रमाणित, मशीन-पठनीय डेटा में बदल देता है।
  • इस डिजिटल डेटा का उपयोग उपयोगकर्ता के लिए एक पर्सनलाइज्ड हेल्थ डैशबोर्ड तैयार करने में किया जाएगा।

वियरेबल्स सिंकिंग और रियल-टाइम हेल्थ ट्रैकिंग

नए ऐप के माध्यम से उपयोगकर्ता अपने स्वास्थ्य की निगरानी बेहद आसानी से कर सकेंगे। आरोग्य सेतु 2.0 में एकीकृत (integrated) बॉडी वाइटल्स, व्यक्तिगत रिमाइंडर्स और गोल ट्रैकिंग की सुविधा दी गई है। साथ ही, यह स्मार्टवॉच या अन्य वियरेबल डिवाइसेज (पहने जाने वाले उपकरणों) के साथ आसानी से सिंक (जुड़) हो जाएगा, जिससे उपयोगकर्ता अपने कदम (steps), कैलोरी, हृदय गति (heart rate) और ग्लूकोज के स्तर की लाइव ट्रैकिंग कर सकेंगे।

पृष्ठभूमि: कोविड-19 के दौरान अग्रिम भूमिका निभाने वाला आरोग्य सेतु ऐप अब पूरी तरह से नए अवतार में नागरिकों के दैनिक स्वास्थ्य प्रबंधन, डिजिटल मेडिकल हिस्ट्री और अस्पतालों में त्वरित सेवाओं के लिए भारत का अग्रणी डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म बनने के लिए तैयार है।

CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)

CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES 

CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)

error: Content is protected !!