रास लफान तरल प्राकृतिक गैस (LNG) संयंत्र
इज़रायल द्वारा फारस की खाड़ी में स्थित और दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस क्षेत्र, ‘साउथ पार्स’ (South Pars) पर हमला किए जाने के कुछ घंटों बाद, 19 मार्च को ईरानी मिसाइलों ने कतर के ‘रास लफान’ (Ras Laffan) इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित दुनिया के सबसे बड़े तरल प्राकृतिक गैस (LNG) संयंत्र पर हमला किया।
ईरान ने कुछ घंटे पहले एक बयान जारी किया था कि साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर हुए हमले के जवाब में वह रास लफान के अलावा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब की अन्य सुविधाओं को भी निशाना बनाएगा। रास लफान पर हुआ यह हमला न केवल वैश्विक LNG प्रवाह के लिए बल्कि भारत के लिए भी विशेष महत्व रखता है। कतर-एनर्जी की प्राथमिक LNG उत्पादन इकाइयाँ, द्रवीकरण संयंत्र (liquefaction plants) और निर्यात बुनियादी ढांचा सभी रास लफान में केंद्रित हैं, जो वैश्विक LNG आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा है।
कतर भारत के लिए LNG का सबसे बड़ा स्रोत है। भारत अपनी प्राकृतिक गैस की लगभग आधी मांग को पूरा करने के लिए LNG आयात पर निर्भर है, और देश की LNG का दो-पांचवां हिस्सा कतर से आता है — जिसका लगभग पूरा हिस्सा रास लफान से ही प्राप्त होता है।


