संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक 2026
भारत ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के ‘सतत विकास लक्ष्यों’ (SDG) की वैश्विक रैंकिंग में अब तक का अपना सबसे सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया है। संयुक्त राष्ट्र सतत विकास समाधान नेटवर्क (SDSN) द्वारा जारी ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट रिपोर्ट 2026’ के अनुसार, भारत 167 देशों की सूची में 94वें स्थान पर पहुंच गया है। 100 में से 68.3 के समग्र SDG स्कोर के साथ भारत ने वर्ष 2025 की अपनी 99वीं रैंक में सुधार किया है, जो 2015 के बाद से इसका सबसे बेहतर प्रदर्शन है।
2015 से अब तक 18 पायदानों का सुधार
रिपोर्ट के अनुसार, जब से वर्ष 2015 में सतत विकास लक्ष्यों को अपनाया गया है, तब से भारत वैश्विक रैंकिंग में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले देशों में शामिल रहा है। भारत 2015 में 112वें स्थान पर था, जहाँ से 18 पायदानों की लंबी छलांग लगाकर वह 2026 में 94वें स्थान पर पहुंच गया है।
हालांकि, इस शानदार प्रगति के बावजूद भारत अपने चार दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों — भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका से वैश्विक रैंकिंग में अब भी पीछे चल रहा है।
17 में से 13 लक्ष्यों (SDGs) में चुनौतियां बरकरार
रिपोर्ट रेखांकित करती है कि भारत को अभी भी कुल 17 सतत विकास लक्ष्यों में से 13 में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हें दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है:
इन 7 लक्ष्यों में हैं ‘बड़ी चुनौतियां’:
- SDG 2: भुखमरी से मुक्ति
- SDG 3: अच्छा स्वास्थ्य और खुशहाली
- SDG 5: लैंगिक समानता
- SDG 11: टिकाऊ शहर और समुदाय
- SDG 14: पानी के नीचे जीवन
- SDG 15: भूमि पर जीवन
- SDG 16: शांति, न्याय और मजबूत संस्थाएं
इन 6 लक्ष्यों में हैं ‘महत्वपूर्ण चुनौतियां’
- SDG 6: स्वच्छ जल और सेनिटेशन
- SDG 7: किफायती और स्वच्छ ऊर्जा
- SDG 8: सम्मानजनक कार्य और आर्थिक विकास
- SDG 9: उद्योग, नवाचार और बुनियादी ढांचा
- SDG 12: जिम्मेदार उपभोग और उत्पादन
- SDG 17: लक्ष्यों के लिए साझेदारी
पोषण के मोर्चे पर पिछड़े, अनाज पैदावार में आगे
रिपोर्ट के मुताबिक, भुखमरी से मुक्ति (SDG 2) के तहत केवल एक संकेतक (Indicator) फिलहाल सही रास्ते पर है, वह है अनाज की पैदावार (Cereal Yield)। भारत में भूमि के प्रति हेक्टेयर अनाज की पैदावार वर्ष 2023 में 3.6 टन तक पहुंच गई थी। हालांकि, इसी लक्ष्य (SDG 2) के तहत आने वाले अन्य प्रमुख पोषण और स्वास्थ्य संबंधी संकेतकों में भारत की प्रगति अब भी काफी धीमी है, जिसे सुधारने के लिए आने वाले समय में कड़े प्रयासों की जरूरत होगी।
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES
CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)




