मिज़ोरम यूनिवर्सिटी के नेचुरल हिस्ट्री म्यूज़ियम को भारत का 21वां बायोडायवर्सिटी रिपॉजिटरी घोषित किया गया
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जैव विविधता अधिनियम (Biological Diversity Act) के तहत मिजोरम के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम (NHM) को भारत के 21वें नामित भंडार (Designated Repository) के रूप में अधिसूचित किया है। राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (NBA) की सिफारिश पर यह अधिसूचना 19 जून को जारी की गई।
भौगोलिक महत्व
आइजोल में मिजोरम विश्वविद्यालय के अंतर्गत वर्ष 2022 में स्थापित यह संग्रहालय रणनीतिक रूप से ‘इंडो-बर्मा जैव विविधता हॉटस्पॉट’ (Indo-Burma Biodiversity Hotspot) के भीतर स्थित है। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे समृद्ध जैव विविधता वाले क्षेत्रों में से एक है। इस म्यूजियम ने वर्गीकरण विज्ञान (taxonomy) के क्षेत्र में विशेष विशेषज्ञता हासिल की है।
पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, टेरिडोफाइट्स (pteridophytes – फर्न और उनके जैसे पौधे), मैक्रोफंगी (बड़े कवक), पतंगों (moths), भृंगों (beetles) और अन्य कम अध्ययन वाले जीवों (taxa) के क्षेत्र में इस संग्रहालय की विशेषज्ञता देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
महत्व
नामित भंडार (Designated Repositories) जैव विविधता अधिनियम, 2002 के तहत प्राप्त प्रमाणित जैव नमूनों को सुरक्षित रखकर भारत के जैव विविधता शासन ढांचे में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह नई मान्यता भारत की ‘राष्ट्रीय जैव विविधता रणनीति और कार्य योजना (2024-2030)’ के ‘राष्ट्रीय जैव विविधता लक्ष्य 4’ को आगे बढ़ाती है। इसके तहत बाह्य-स्थानिक संरक्षण (ex situ conservation) और आनुवंशिक विविधता के संरक्षण को मजबूती मिलेगी, जो ‘कुनमिंग-मॉन्ट्रियल वैश्विक जैव विविधता ढांचे’ (Kunming–Montreal Global Biodiversity Framework) के लक्ष्य 4 के पूरी तरह अनुकूल है।
Source: PIB
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC GS MAINS TEST SERIES
दैनिक करेंट अफेयर्स क्विज़ (सभी परीक्षाओं के लिए) अभ्यास के लिए-यहां क्लिक करें



