स्वास्थ्य मंत्रालय ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल के लिए ‘जननी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया
‘जननी’ (JANANI) डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘जननी’ (Journey of Antenatal, Natal and Neonatal Integrated Care – JANANI) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।
‘जननी’ एक सेवा-उन्मुख (service-oriented) डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे प्रजनन आयु की महिलाओं के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड की व्यापक रूप से निगरानी और रखरखाव करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। मौजूदा आरसीएच (RCH) पोर्टल के अपग्रेड संस्करण के रूप में विकसित यह प्लेटफॉर्म, निरंतर देखभाल (continuum of care) के दौरान दी जाने वाली प्रमुख सेवाओं को दर्ज करके एक क्रमिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड (longitudinal health record) तैयार करता है।
उद्देश्य और मुख्य विशेषताएँ
- निरंतर ट्रैकिंग: इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध ट्रैकिंग सुनिश्चित करना है। इसके तहत प्रसव-पूर्व देखभाल (antenatal care), प्रसव की तैयारी, प्रसव, प्रसवोत्तर देखभाल (postnatal care), नवजात शिशु की देखभाल, गृह-आधारित नवजात एवं छोटे बच्चे की देखभाल और परिवार नियोजन को कवर किया जाएगा।
- त्वरित उपाय: निरंतर निगरानी और समय पर हस्तक्षेप (interventions) को सक्षम बनाकर, ‘जननी’ सेवा वितरण को मजबूत करता है और हर चरण पर देखभाल की निरंतरता सुनिश्चित करता है।
- QR-सक्षम MCH कार्ड: ‘जननी’ की एक प्रमुख विशेषता क्यूआर (QR) कोड सक्षम डिजिटल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) कार्ड की शुरुआत है, जो स्वास्थ्य रिकॉर्ड की सुवाह्यता (portability) और आसान पहुँच सुनिश्चित करता है।
- स्मार्ट अलर्ट: इस प्लेटफॉर्म में उच्च जोखिम वाली गर्भधारण (high-risk pregnancies) के लिए स्वचालित अलर्ट, पर्यवेक्षी समीक्षा के लिए वास्तविक समय (real-time) डैशबोर्ड और देय-सूची (due-list) तैयार करने की सुविधा शामिल है, जिससे समय पर ट्रैकिंग, निगरानी और लक्षित हस्तक्षेप संभव हो सकेगा।
लाभार्थियों के लिए सुविधाएँ
- पंजीकरण और खोज: यह प्लेटफॉर्म देशव्यापी खोज (pan-India search) कार्यक्षमता के साथ-साथ आभा (ABHA), आधार (ओटीपी और बायोमेट्रिक), और मोबाइल नंबर जैसे विशिष्ट पहचानकर्ताओं का उपयोग करके लाभार्थियों के पंजीकरण की अनुमति देता है।
नागरिक सहायता: ‘जननी’ प्रसव-पूर्व देखभाल और टीकाकरण की समय पर शेड्यूलिंग एवं निगरानी की सुविधा देकर नागरिकों की सहायता करता है। इसके साथ ही, यह अलर्ट और रिमाइंडर भी भेजता है ताकि स्वास्थ्य से जुड़ा कोई भी महत्वपूर्ण चरण (milestone) छूटने न पाए।


