अब हर साल 7 जून को जारी होंगे GDP के अनंतिम अनुमान
भारत सरकार ने वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के अनंतिम अनुमानों (provisional estimates) और चौथी तिमाही (Q4) के जीडीपी अनुमानों को जारी करने की तारीख में बदलाव किया है। अब यह डेटा हर साल मई के आखिरी कार्यदिवस के बजाय 7 जून को जारी किया जाएगा। रिलीज शेड्यूल में यह बदलाव राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी सलाहकार समिति (Advisory Committee on National Accounts Statistics) के साथ उचित परामर्श के बाद किया गया है।
केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा 12 मई को घोषित यह निर्णय, वित्तीय वर्ष 2025-26 के जीडीपी डेटा रिलीज से प्रभावी होगा।
मंत्रालय ने कहा कि इस संशोधन का उद्देश्य डेटा की गुणवत्ता (data quality) को और अधिक मजबूत करना है। यह राष्ट्रीय खातों के संकलन में उपयोग किए जाने वाले डेटा की गुणवत्ता, कवरेज और विश्वसनीयता में सुधार के लिए मंत्रालय द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।संशोधित समयसीमा के तहत, वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए जीडीपी के अनंतिम अनुमान (PE) और जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के तिमाही जीडीपी अनुमान 5 जून 2026 को जारी किए जाएंगे, क्योंकि 7 जून को सप्ताहांत (holiday weekend) की छुट्टी है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यह डेटा 7 जून को या यदि उस दिन छुट्टी हो, तो उससे पिछले कार्यदिवस (working day) को प्रकाशित किया जाएगा।


