संगीत अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) और अकादमी पुरस्कार
संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली (संगीत, नृत्य और नाटक की राष्ट्रीय अकादमी) की सामान्य परिषद ने सर्वसम्मति से प्रदर्शन कला के क्षेत्र की सात (7) प्रख्यात हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) के रूप में चुना है। अकादमी की फेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और दुर्लभ सम्मान है, जो किसी भी समय अधिकतम 40 लोगों तक सीमित रहती है। सामान्य परिषद ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए संगीत, नृत्य, नाटक, पारंपरिक/लोक/जनजातीय संगीत/नृत्य/नाटक/कठपुतली, और परफॉर्मिंग आर्ट्स में समग्र योगदान/छात्रवृत्ति व अन्य क्षेत्रों से 108 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (अकादमी पुरस्कार) के लिए भी चुना है। अकादमी की सामान्य परिषद ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए 106 युवा कलाकारों को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए भी चुना है। अकादमी पुरस्कार 1952 से प्रदान किए जा रहे हैं।
अकादमी फेलो के सम्मान में 3,00,000/- रुपये (तीन लाख रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अकादमी पुरस्कार में 1,00,000/- रुपये (एक लाख रुपये) की पुरस्कार राशि के साथ ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाता है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार में 25,000/- रुपये (पच्चीस हजार रुपये) की पुरस्कार राशि के साथ ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाता है।


