IIT गुवाहाटी की टीम ने पाया कि नील हरित शैवाल जल से लेड हटा सकते हैं

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (IIT Guwahati) के वैज्ञानिकों की एक टीम ने ऐसा जैविक पदार्थ (Biological Material) विकसित किया है, जो दूषित पानी से सीसा (Lead) को हटाने में सक्षम है।

शोधकर्ताओं ने पाया कि साइनोबैक्टीरिया (Cyanobacteria), जिन्हें सामान्यतः नील-हरित शैवाल (Blue-Green Algae) कहा जाता है, प्रदूषित पानी से सीसा अवशोषित करने के लिए एक प्रभावी प्राकृतिक पदार्थ हैं।

इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि साइनोबैक्टीरिया गाँवों के तालाबों, झीलों, जलाशयों, धान के खेतों तथा अन्य धीमी गति से बहने वाले ताजे जल स्रोतों में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होते हैं।

अध्ययन में पाया गया कि एक्सोपॉलीसैकराइड्स (Exopolysaccharides-EPS), जो साइनोबैक्टीरिया द्वारा स्रावित एक चिपचिपा और शर्करा-समृद्ध पदार्थ है, दूषित पानी से सीसा अवशोषित करने की सबसे अधिक क्षमता रखता है।

यह नवाचार सीसा-प्रदूषित पानी के उपचार के लिए कम लागत वाला, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ समाधान प्रदान करता है।

साइनोबैक्टीरिया (नील-हरित शैवाल) के बारे में

  • साइनोबैक्टीरिया, जिन्हें सामान्यतः नील-हरित शैवाल (Blue-Green Algae) कहा जाता है, वास्तव में प्रकाश-संश्लेषी (Photosynthetic) बैक्टीरिया हैं, न कि वास्तविक शैवाल।
  • ये पृथ्वी पर पाए जाने वाले सबसे प्राचीन जीवों में से एक हैं।
  • ये प्राकृतिक रूप से ताजे  जल स्रोतों, तटीय जल तथा समुद्री पारिस्थितिक तंत्रों में पाए जाते हैं।
  • पौधों की तरह साइनोबैक्टीरिया भी प्रकाश-संश्लेषण के लिए सूर्य का प्रकाश, कार्बन डाइऑक्साइड और पोषक तत्वों का उपयोग करते हैं।
  • अनुकूल परिस्थितियों में इनकी संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जिससे हानिकारक शैवाल प्रस्फुटन (Harmful Algal Blooms-HABs) बन सकते हैं।
  • कुछ साइनोबैक्टीरिया साइनोटॉक्सिन (Cyanotoxins) नामक विषैले पदार्थ उत्पन्न करते हैं, जो मनुष्यों, पशुओं, पालतू जानवरों, वन्यजीवों और जलीय जीवों के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
  • इन विषाक्त पदार्थों के संपर्क में आने से दूषित पानी के कारण त्वचा पर चकत्ते (Skin Rashes) और जलन (Irritation) जैसी समस्याएँ हो सकती हैं।

CLICK HERE: UPSC (CSE) GS PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)

CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC GS MAINS TEST SERIES 

दैनिक करेंट अफेयर्स क्विज़ (सभी परीक्षाओं के लिए) अभ्यास के लिए-यहां क्लिक करें

error: Content is protected !!