‘ओमेगा ब्लॉक’ परिघटना क्या है?
पूरा यूरोप महाद्वीप दो महीनों में दूसरी बड़ी हीटवेव (लू) का सामना कर रहा है, जिसमें रिकॉर्ड तोड़ तापमान के कारण जानमाल का नुकसान हुआ है। फ्रांस के बोर्डो (Bordeaux) क्षेत्र में तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। कुछ वैज्ञानिकों के अनुसार, ‘ओमेगा ब्लॉक’ (Omega block) परिघटना के कारण तापमान में यह अत्यधिक बदलाव आ रहा है।
‘ओमेगा ब्लॉक’ (Omega block) परिघटना क्या है?
ओमेगा ब्लॉक (जिसका नाम इस परिघटना के दौरान हवा के आकार के आधार पर पड़ा है) एक दिलचस्प वायुमंडलीय पैटर्न (atmospheric pattern) है, जो एक क्षेत्र में भीषण गर्मी और उससे कुछ ही सौ मील दूर मूसलाधार बारिश का कारण बन सकता है। हवा आमतौर पर सुचारू जेट स्ट्रीम (jet streams) में चलती है। हालांकि, कभी-कभी यह प्रवाह बाधित हो जाता है, जिसके परिणामस्वरूप एक बड़ा और अत्यधिक घुमावदार लूप (loop) बन जाता है। यदि ये लूप एक जगह ठहर जाते हैं और पूर्व की ओर बढ़ना बंद कर देते हैं, तो ये एक वायुमंडलीय अवरोध (atmospheric block) पैदा करते हैं।
जब ओमेगा ब्लॉक बनता है, तो इसके ठीक नीचे फंसा हुआ क्षेत्र उच्च-दबाव (high-pressure) विकसित कर लेता है और वहां तीव्र व लगातार बढ़ती हुई हीटवेव का अनुभव होता है। फ्रांस में भी ऐसा ही हुआ है, जहां उत्तरी अफ्रीका से आने वाली अत्यधिक गर्म और शुष्क हवा यूरोप के कुछ हिस्सों के वायुमंडल में फंस गई है, क्योंकि इसके दोनों ओर की मौसम प्रणालियों (weather systems) ने इसे आगे बढ़ने से रोक दिया है।
जैसे ही हवा वायुमंडल की ऊंचाई से जमीन की ओर नीचे बैठती है, यह संकुचित (compress) होती है। थर्मोडायनामिक्स (ऊष्मागतिकी) के अनुसार, गैस को संकुचित करने से उसका तापमान बढ़ जाता है। नीचे बैठती हुई यह गर्म हवा एक विशाल ढक्कन की तरह काम करती है, जिसे ‘हीट डोम’ (heat dome) कहा जाता है। उच्च-दबाव प्रणाली में नीचे बैठती हुई हवा बादलों को बनने से रोकती है। बादलों की ओट न होने के कारण, गर्मियों में सूरज दिन में 14 से 16 घंटे तक उस क्षेत्र को गर्म करता है। ज़मीन तप जाती है, सूख जाती है, और उस गर्मी को वापस निचले वायुमंडल में परावर्तित (reflect) कर देती है, जिससे दिन-ब-दिन तापमान और अधिक बढ़ता चला जाता है।
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES
CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)




