सरकार ने SEZ धोलेरा में भारत के पहले चिप फैब्रिकेशन प्लांट को अधिसूचित किया।
भारत सरकार ने गुजरात के धोलेरा में मैसर्स टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) स्थापित करने की अधिसूचना जारी की है। यह SEZ विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और IT/ITES के लिए होगा।
यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रमुख विवरण:
- क्षेत्र और रोजगार: यह SEZ 66.166 हेक्टेयर भूमि पर फैला होगा और इससे 21,000 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
- महत्व: यह भारत का पहला चिप फैब्रिकेशन प्लांट (Chip Fab) होगा।
- सुविधाएं: इसमें अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा और संचालन एवं लॉजिस्टिक्स को सुव्यवस्थित करने के लिए एक समर्पित अनुमोदन तंत्र (Approval Mechanism) शामिल है।
SEZ नियमों में प्रमुख सुधार (अधिसूचना दिनांक 03.06.2025):
सेमीकंडक्टर निर्माण की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ‘विशेष आर्थिक क्षेत्र नियम, 2006’ में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं:
- न्यूनतम भूमि की आवश्यकता: इसे 50 हेक्टेयर से घटाकर मात्र 10 हेक्टेयर कर दिया गया है।
- लचीलापन: भार (Encumbrance) मानदंडों में ढील दी गई है।
- NFE गणना: नेट फॉरेन एक्सचेंज (NFE) की गणना में ‘नि:शुल्क आपूर्ति’ (Free-of-cost supplies) को शामिल करने की अनुमति दी गई है।
- घरेलू बिक्री: लागू शुल्क के भुगतान पर डोमेस्टिक टैरिफ एरिया (DTA) में बिक्री की अनुमति दी गई है।


