FBTR से मिलने वाली न्यूक्लियर हीट का इस्तेमाल करके विश्व का पहला कॉपर-क्लोरीन थर्मोकेमिकल हाइड्रोजन उत्पादन प्लांट
परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE) ने इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (IGCAR), कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर (FBTR) से उत्पन्न परमाणु प्रक्रिया ताप (न्यूक्लियर प्रोसेस हीट) का उपयोग करने वाले कॉपर-क्लोरीन (Cu-Cl) थर्मोकेमिकल चक्र पर आधारित विश्व के पहले हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन किया।
इस संयंत्र को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित Cu-Cl थर्मोकेमिकल प्रक्रिया के माध्यम से परमाणु ऊर्जा का उपयोग करके हाइड्रोजन के उत्पादन को सत्यापित करने के लिए एक ‘प्रौद्योगिकी प्रदर्शक’ (टेक्नोलॉजी डिमॉन्स्ट्रेटर) के रूप में स्थापित किया गया है।
हाइड्रोजन उत्पादन के साथ परमाणु प्रक्रिया ताप का सफल एकीकरण एक अग्रणी तकनीकी सफलता है। यह उन्नत परमाणु रिएक्टरों का उपयोग करके बड़े पैमाने पर, कार्बन-मुक्त हाइड्रोजन उत्पादन के लिए एक आशाजनक मार्ग प्रशस्त करता है। हाइड्रोजन को भविष्य के लिए एक प्रमुख ऊर्जा वाहक माना जा रहा है और वैश्विक स्तर पर स्वच्छ तथा संधारणीय ऊर्जा प्रणालियों की ओर बढ़ने में इसके महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।
दुनिया भर में विकसित की जा रही विभिन्न हाइड्रोजन उत्पादन तकनीकों में, Cu-Cl थर्मोकेमिकल चक्र को इसके अपेक्षाकृत कम परिचालन तापमान और उच्च थर्मोडायनामिक दक्षता के कारण सबसे आशाजनक माना जाता है। फास्ट रिएक्टरों से प्राप्त परमाणु ताप का उपयोग करके, यह प्रक्रिया पारंपरिक हाइड्रोजन उत्पादन विधियों से जुड़े ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को समाप्त करती है और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता को काफी कम करती है।
परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत भारत के अग्रणी परमाणु अनुसंधान संस्थानों में से एक, आईजीसीएआर (IGCAR) 1971 में अपनी स्थापना के बाद से देश के फास्ट ब्रीडर रिएक्टर कार्यक्रम में सबसे आगे रहा है। केंद्र ने फास्ट ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर (FBTR) को सफलतापूर्वक डिजाइन, निर्मित और संचालित किया है, जिसने चार दशकों से अधिक समय से ईंधन, सामग्री और सोडियम प्रौद्योगिकियों के विकास और सत्यापन के लिए एक अमूल्य मंच के रूप में कार्य किया है।
FBTR के माध्यम से उत्पन्न ज्ञान और विशेषज्ञता ने भारत के फास्ट रिएक्टर कार्यक्रम के लिए तकनीकी आधार तैयार किया है। इसके साथ ही इसने भारत के तीन-चरणीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के दूसरे चरण के प्रमुख 500 मेगावाट (MWe) प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
CLICK HERE: UPSC PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)
CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC MAINS TEST SERIES
CLICK HERE: DAILY CURRENT AFFAIRS QUIZ (FOR ALL EXAMINATIONS)




