AI पर स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की प्रारंभिक UN रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र (UN) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है, जिसका शीर्षक है – “Independent International Scientific Panel on AI: Evidence-based Assessment of Opportunities, Risks and Impacts of AI”।

यह AI की क्षमताओं, अवसरों, जोखिमों और समाज पर इसके प्रभावों का पहला स्वतंत्र वैज्ञानिक आकलन है।

यह रिपोर्ट वैश्विक AI शासन (Global AI Governance) के लिए साक्ष्य-आधारित मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र द्वारा तैयार कराई गई है।

रिपोर्ट का मुख्य संदेश है कि “कृत्रिम बुद्धिमत्ता इतनी तेज़ी से विकसित हो रही है कि सरकारें इसे समझने और इसका प्रभावी नियमन करने में पीछे रह गई हैं।”

40 सदस्यीय स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल के सह-अध्यक्ष हैं:

  • योशुआ बेंगियो (Yoshua Bengio) – ट्यूरिंग पुरस्कार विजेता।
  • मारिया रेसा (Maria Ressa) – नोबेल शांति पुरस्कार विजेता।

रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि AI का विकास वर्तमान सुरक्षा उपायों, वैज्ञानिक समझ और विनियामक ढाँचों की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से हो रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान वैश्विक AI शासन व्यवस्था AI तकनीकों के तेज़ विकास को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

नीति-निर्माताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यदि वे AI को नियंत्रित करने के लिए पूरी वैज्ञानिक निश्चितता का इंतज़ार करेंगे, तो उचित सुरक्षा उपाय लागू होने से पहले ही अपूरणीय (Irreversible) नुकसान हो सकते हैं।

रिपोर्ट में विशेष रूप से निम्नलिखित उभरती AI तकनीकों पर चिंता व्यक्त की गई है:

  • फ्रंटियर AI मॉडल (Frontier AI Models), जिनमें अत्यधिक उन्नत क्षमताएँ होती हैं।
  • स्वायत्त AI एजेंट (Autonomous AI Agents), जो बहुत कम मानवीय हस्तक्षेप के साथ जटिल कार्य कर सकते हैं।

हालांकि ये तकनीकें उत्पादकता और नवाचार को बढ़ावा दे सकती हैं, लेकिन इनके साथ ऐसे नए जोखिम भी जुड़े हैं, जिनसे निपटने के लिए वर्तमान शासन व्यवस्था पर्याप्त रूप से तैयार नहीं है।

AI गवर्नेंस की चुनौतियां

रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के कई देशों में AI के लिए नैतिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवाधिकारों को बढ़ावा देने वाले विभिन्न शासन ढाँचे पहले से मौजूद हैं। लेकिन इन व्यवस्थाओं में कई कमियां हैं:

  • ये अलग-अलग देशों में बिखरी हुई (Fragmented) हैं।
  • इनका नियंत्रण कुछ बड़ी प्रौद्योगिकी (टेक) कंपनियों तक सीमित है।
  • इनके वास्तविक प्रभाव को मापने की प्रभावी व्यवस्था नहीं है।

रिपोर्ट यह भी बताती है कि:

  • AI की क्षमताओं का आकलन, जोखिम मूल्यांकन और नियामक निगरानी करने वाली स्वतंत्र संस्थाएँ अभी पर्याप्त रूप से विकसित नहीं हुई हैं।
  • AI की सुरक्षा और उसके सामाजिक प्रभावों का मूल्यांकन करने की पद्धतियाँ अभी शुरुआती चरण में हैं।

बढ़ती ‘कंप्यूट डिवाइड’  

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक AI प्रतिस्पर्धा अब केवल प्रतिभा या नवाचार पर नहीं, बल्कि कंप्यूटिंग अवसंरचना (Computing Infrastructure) पर नियंत्रण पर भी निर्भर करती है।

रिपोर्ट में बढ़ती “कंप्यूट डिवाइड” पर चिंता जताई गई है, जिसके कारण उन्नत AI का विकास कुछ ही देशों तक सीमित हो गया है।

रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका के पास वैश्विक AI कंप्यूटिंग क्षमता का लगभग 75% हिस्सा है। चीन के पास लगभग 15% हिस्सा है जबकि शेष दुनिया के पास केवल लगभग 10% क्षमता है।

रिपोर्ट के अनुसार, निम्नलिखित संसाधनों का सीमित देशों में केंद्रित होना कंप्यूटिंग शक्ति को एक रणनीतिक राष्ट्रीय संसाधन बना रहा है:

  • उन्नत सेमीकंडक्टर 
  • हाइपरस्केल डेटा सेंटर  
  • उच्च-प्रदर्शन क्लाउड अवसंरचना  

भारत के लिए महत्व

रिपोर्ट भारत के IndiaAI Mission तथा घरेलू AI अवसंरचना में किए जा रहे निवेश के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करती है।

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि यदि देश अपनी स्वदेशी कंप्यूटिंग क्षमता विकसित नहीं करेंगे, तो वे AI विकसित करने वाले कुछ देशों पर तकनीकी रूप से निर्भर हो सकते हैं।

इसलिए तकनीकी संप्रभुता (Technological Sovereignty), डिजिटल लचीलापन (Digital Resilience) और समावेशी AI-आधारित विकास सुनिश्चित करने के लिए भारत को घरेलू AI अवसंरचना, सेमीकंडक्टर क्षमता और उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग (High-Performance Computing) पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना आवश्यक है।

CLICK HERE: UPSC (CSE) GS PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)

CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC GS MAINS TEST SERIES 

दैनिक करेंट अफेयर्स क्विज़ (सभी परीक्षाओं के लिए) अभ्यास के लिए-यहां क्लिक करें

error: Content is protected !!