बुरहानपुर को देश का पहला ‘हर घर जल’ प्रमाणित जिला का पुरस्कार दिया गया

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने स्वच्छता की प्रेरणा और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाने के लिए 2 अक्टूबर को जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित स्वच्छ भारत दिवस-2022 कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस क्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 (ग्रामीण) पुरस्कार वितरित किये गए। तेलंगाना, हरियाणा और तमिलनाडु को बड़े राज्यों की श्रेणी के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2022 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए गए।

लघु राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी के तहत अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा एवं नगर हवेली और दमन और दीव और सिक्किम को इसी क्रम में पुरस्कृत किया गया।

साथ ही भिवानी (हरियाणा) को समग्र रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिले के रूप में पुरस्कार प्रदान किया गया।

श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मध्‍य प्रदेश के जिला बुरहानपुर को देश का पहला ‘हर घर जल’ प्रमाणित जिला होने का पुरस्कार भी दिया, जहां ग्राम सभाओं के माध्यम से सभी गांवों ने खुद को ‘हर घर जल’ घोषित किया है।

स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2022 का उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण द्वितीय चरण के प्रमुख मात्रात्मक और गुणात्मक मापदंडों पर प्रदर्शन के आधार पर राज्यों और जिलों का क्रम तय करना है।

error: Content is protected !!