राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 संसद से पारित

लोकसभा ने 29 जुलाई को राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 (National Honour (Amendment) Bill, 2026) पारित किया। इस विधेयक का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के जानबूझकर किए गए अपमान या उसके गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाना है। विपक्ष के हंगामे के बीच विधेयक को ध्वनिमत से पारित किया गया। इससे पहले 28 जुलाई को राज्यसभा भी इसे पारित कर चुकी थी।

यह विधेयक राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 (Prevention of Insults to National Honour Act, 1971) की धारा 3 में संशोधन करता है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को वही कानूनी संरक्षण प्रदान किया गया है, जो वर्तमान में राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ को प्राप्त है।

संशोधन के तहत राष्ट्रीय गीत के गायन को जानबूझकर रोकना या उसके गायन में संलग्न सभा में जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न करना अपराध माना जाएगा।

राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971

23 दिसंबर, 1971 को अधिनियमित राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 पूरे भारत में लागू है। यह भारतीय राष्ट्रीय ध्वज, भारत के संविधान और राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ को वैधानिक संरक्षण प्रदान करता है।

वंदे मातरम् के बारे में

‘वंदे मातरम्’ का अर्थ है “मां, मैं तुम्हें नमन करता हूं”। इसकी रचना बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी।

यह पहली बार 7 नवंबर, 1875 को साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित हुआ था। बाद में इसे वर्ष 1882 में प्रकाशित उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल किया गया।

रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे संगीतबद्ध किया और वर्ष 1896 में कलकत्ता में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन में पहली बार इसका गायन किया।

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत ब्रिटिश शासन के विरुद्ध प्रतिरोध का एक शक्तिशाली प्रतीक बन गया। 7 अगस्त, 1905 को स्वदेशी आंदोलन के दौरान पहली बार इसे राजनीतिक नारे के रूप में इस्तेमाल किया गया।

24 जनवरी, 1950 को संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा था कि ‘वंदे मातरम्’ को ‘जन गण मन’ के समान गौरव दिया जाना चाहिए और इसे समान दर्जा प्रदान किया जाना चाहिए।

CLICK HERE: UPSC (CSE) GS PRELIMS & MAINS CURRENT AFFAIRS BASED WEEKLY TEST (ENG & HINDI)

CLICK HERE FOR GS TIMES PRAHAR UPSC GS MAINS TEST SERIES 

दैनिक करेंट अफेयर्स क्विज़ (सभी परीक्षाओं के लिए) अभ्यास के लिए-यहां क्लिक करें

error: Content is protected !!