फ्रांस के नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस के नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन किया। यह भारत-फ्रांस साझेदारी में एक निर्णायक कदम साबित हुआ है। ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष’ (India-France Year of Innovation) के तत्वावधान में आयोजित, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा 14 से 16 जून तक नीस में किया जा रहा है।
यह तीन दिवसीय कार्यक्रम भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स, शोधकर्ताओं और निवेशकों को वैश्विक नवाचार फंडों और हितधारकों के साथ एक मंच पर लाता है। ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्देश्य भारतीय डीप-टेक नवाचारों को प्रदर्शित और प्रोत्साहित करना है, ताकि दुनिया भर के निवेशकों, उद्योगों, संस्थानों और नवप्रवर्तकों के साथ साझेदारी को सुगम बनाया जा सके।
इससे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शिक्षा और उद्यमिता में द्विपक्षीय सहयोग गहरा होने की उम्मीद है, साथ ही यह भारत के वैश्विक नवाचार नेटवर्क में एकीकरण को मजबूत करेगा। ‘भारत इनोवेट्स’ का यह प्रथम संस्करण सहयोग, प्रतिभा और परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों द्वारा संचालित भविष्य के लिए तैयार नवाचार प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए भारत और फ्रांस की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


