विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘जिम्निच बैठक’ में आमंत्रित सदस्य के रूप में भाग लिया
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यूरोपीय संघ (EU) के विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक, जिसे ‘जिम्निच बैठक (Gymnich meeting)” के रूप में जाना जाता है, में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भाग लेने के लिए 27 से 28 मई तक साइप्रस का दौरा किया। यह यात्रा यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष काजा कालस और साइप्रस के विदेश मंत्री डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस के निमंत्रण पर की गई थी।
अपनी यात्रा के दौरान, विदेश मंत्री जयशंकर ने 28 मई को जिम्निच बैठक के एक कार्य सत्र में भाग लिया, जहाँ चर्चाएँ साझा हितों के प्रासंगिक नीतिगत मुद्दों पर केंद्रित थीं, विशेष रूप से पश्चिम एशिया/मध्य पूर्व और व्यापक क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों के भू-राजनीतिक प्रभाव पर। इन बैठकों ने पश्चिम एशिया, यूक्रेन संघर्ष, भारत-यूरोपीय संघ सहयोग, द्विपक्षीय संबंधों और व्यापक क्षेत्रीय विकास पर दृष्टिकोण साझा करने का अवसर प्रदान किया।
जिम्निच बैठक के बारे में
यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की जिम्निच प्रारूप वाली बैठकें हर छह महीने में एक बार होती हैं और ये अनौपचारिक प्रकृति की होती हैं। यह बैठक रोटेटिंग काउंसिल प्रेसीडेंसी द्वारा आयोजित की जाती है, ताकि औपचारिक निर्णय लिए बिना रणनीतिक विदेश-नीति के सवालों पर चर्चा की जा सके।
‘जिम्निच’ बैठक का नाम नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया में एर्फ्टस्टैड के पास स्थित एक महल ‘शलोस जिम्निच’ (Schloss Gymnich) से लिया गया है, जहाँ जर्मन प्रेसीडेंसी ने विदेश मंत्री हैंस-डिट्रिच गेन्शर के नेतृत्व में 20-21 अप्रैल 1974 को पहली बार ऐसी बैठक बुलाई थी।


