ग्लोबल फॉरेस्ट गोल्स रिपोर्ट 2026
संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में ‘ग्लोबल फॉरेस्ट गोल्स रिपोर्ट 2026’ (The Global Forest Goals Report 2026) लॉन्च की है, जिसमें वनों को नीतिगत और निवेश निर्णयों के केंद्र में रखने का आह्वान किया गया है। यह रिपोर्ट 11 मई, 2026 को ‘वनों पर संयुक्त राष्ट्र फोरम’ के 21वें सत्र (UNFF21) के दौरान जारी की गई।
यह रिपोर्ट ‘वनों के लिए संयुक्त राष्ट्र रणनीतिक योजना 2017–2030’ और इसके छह वैश्विक वन लक्ष्यों (Global Forest Goals) को लागू करने की दिशा में प्रगति का सबसे नवीनतम वैश्विक मूल्यांकन प्रदान करती है। विश्व के 51 प्रतिशत वन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले 48 देशों द्वारा प्रस्तुत स्वैच्छिक राष्ट्रीय रिपोर्टों और नवीनतम वैश्विक आंकड़ों के आधार पर, यह रिपोर्ट दर्शाती है कि प्रगति तो हो रही है, लेकिन उस गति या पैमाने पर नहीं जो 2030 तक इन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक है।
रिपोर्ट के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- वर्ष 2015 और 2025 के बीच वैश्विक वन क्षेत्र में 40 मिलियन हेक्टेयर से अधिक की गिरावट आई है।
- स्थायी वन प्रबंधन (sustainable forest management) के लिए वित्तपोषण अभी भी अनुमानित आवश्यकताओं से बहुत नीचे है।
- साथ ही, देश सुधारों को आगे बढ़ा रहे हैं, पुनरुद्धार (restoration) के प्रयासों का विस्तार कर रहे हैं, वन शासन को मजबूत कर रहे हैं और सहयोग बढ़ा रहे हैं।
27 अप्रैल, 2017 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ‘वनों के लिए संयुक्त राष्ट्र रणनीतिक योजना 2017-2030’ को अपनाया था। इस योजना ने छह वैश्विक वन लक्ष्य (GFG) निर्धारित किए थे, जिन्हें सदस्यों द्वारा 2030 तक, यानी अगले चार वर्षों में पूरा किया जाना है।
UN फोरम ऑन फॉरेस्ट्स, UN आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC) का एक कार्यात्मक आयोग है, जिसकी सदस्यता सार्वभौमिक है। वर्ष 2000 में अपनी स्थापना के बाद से, इस फोरम ने कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं, जिनमें 2007 में पहला UN वन उपकरण, 2015 में ग्लोबल फॉरेस्ट फाइनेंसिंग फैसिलिटेशन नेटवर्क (GFFFN), और 2017 में वनों के लिए पहली UN रणनीतिक योजना 2030 तथा इसके छह वैश्विक वन लक्ष्यों को अपनाना शामिल है।


