दुनिया की पहली “स्मार्ट आइलैंड” निगरानी प्रणाली
इक्वाडोर के गैलापागोस द्वीपसमूह (Galapagos archipelago) के फ्लोरियाना (Floreana) द्वीप पर दुनिया की पहली “स्मार्ट आइलैंड” (Smart Island) निगरानी प्रणाली शुरू की गई है। गैर-लाभकारी संगठन ‘आइलैंड कंजर्वेशन’ (Island Conservation) केअनुसार, यह प्रणाली संरक्षण टीमों को वन्यजीवों की गतिविधियों, पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य और बहाली (restoration) की प्रगति के बारे में वास्तविक समय (real-time) में जानकारी प्रदान करती है।
यह ‘स्मार्ट आइलैंड’ निगरानी मॉडल मैन्युअल वर्क को 98 प्रतिशत तक कम कर देता है, जो कि स्टाफ के 110 घंटों (साल में 83 दिन) के बराबर है। इससे संरक्षण का काम केवल समस्याओं पर प्रतिक्रिया देने (reactive) के बजाय पहले से सक्रिय रहने (proactive) की दिशा में स्थानांतरित होता है और समय पर मिलने वाले डेटा को फ्लोरियाना द्वीप पर तत्काल जमीनी कार्रवाई में बदलने में मदद करता है। यह बदले में, गैलापागोस में बहाली के काम को मजबूत करता है और पूरे क्षेत्र एवं उससे आगे के द्वीपों के संरक्षण के लिए एक बड़े पैमाने पर लागू करने योग्य (scalable) दृष्टिकोण प्रदान करता है।
यह पहल ‘फ्लोरियाना द्वीप पारिस्थितिक बहाली परियोजना’ (Floreana Island Ecological Restoration Project) का हिस्सा है, जिसका नेतृत्व पर्यावरण प्राधिकरण के रूप में ‘गैलापागोस नेशनल पार्क निदेशालय’ और ‘गैलापागोस बायोसिक्योरिटी एजेंसी’ मिलकर कर रहे हैं।
गैलापागोस द्वीपसमूह के बारे में
दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप से लगभग 1,000 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में स्थित इन 19 द्वीपों और उनके आस-पास के समुद्री क्षेत्र (गैलापागोस द्वीपसमूह) को एक अद्वितीय ‘जीवित संग्रहालय और विकास का प्रदर्शन’ (living museum and showcase of evolution) कहा गया है।
तीन महासागरीय धाराओं के मिलन स्थल पर स्थित होने के कारण गैलापागोस समुद्री प्रजातियों का एक ‘मेल्टिंग पॉट’ (विविधताओं का संगम) है।
इन भौगोलिक प्रक्रियाओं और द्वीपों के अत्यंत अलग-थलग होने के कारण यहां बेहद अनोखे जीव-जंतुओं का विकास हुआ—जैसे कि लैंड इगुआना, विशाल कछुआ (giant tortoise) और कई प्रकार के फिंच पक्षी—जिन्होंने चार्ल्स डार्विन को 1835 की अपनी यात्रा के बाद ‘प्राकृतिक चयन द्वारा विकासवाद के सिद्धांत’ (theory of evolution by natural selection) को प्रतिपादित करने के लिए प्रेरित किया था।


