सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल को गंगटोक, सिक्किम में एक भव्य समारोह में हजारों करोड़ रुपये की 30 से अधिक विकास परियोजनाओं के शुभारंभ और उद्घाटन के साथ सिक्किम के राज्य स्थापना के 50वें वर्ष के समारोह के समापन सत्र को संबोधित किया।
सिक्किम के जैविक खेती (organic farming) के अग्रणी प्रयासों की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि डेमजोंग अब न केवल चावल उत्पादन के लिए, बल्कि जैविक चावल के लिए जाना जाता है। बड़ी इलायची, अदरक, हल्दी, एवोकैडो और कीवी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुँच रहे हैं, जबकि औषधीय पौधों की सैकड़ों प्रजातियाँ स्थानीय लोगों के लिए आय का स्रोत बन रही हैं।
सिक्किम का इतिहास
सिक्किम देश की स्वतंत्रता के लगभग तीन दशकों के बाद आधिकारिक रूप से भारत का हिस्सा बना। प्रतिवर्ष 16 मई को मनाया जाने वाला ‘सिक्किम दिवस’ 1975 में पूर्व साम्राज्य के भारत के साथ एकीकरण का प्रतीक है। सिक्किम साम्राज्य की स्थापना 1642 में हुई थी, जब एक विवरण के अनुसार, तीन तिब्बती लामाओं ने फुंतसोग नामग्याल को सिक्किम के पहले शासक या ‘चोग्याल’ के रूप में प्रतिष्ठित किया था। नामग्याल राजवंश का राजतंत्र अगले 333 वर्षों तक, यानी 1975 तक बना रहा।
भारत और चीन के बीच स्थित, और अक्सर भूटान और नेपाल के साथ भूमि विवादों का हिस्सा रहे सिक्किम और भारत के बीच पहली बार ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान अर्ध-औपचारिक संबंध स्थापित हुए। 1950 में, भारत-सिक्किम संधि पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे सिक्किम भारत का एक संरक्षित राज्य (protectorate) बन गया।
सिक्किम को संविधान (छत्तीसवां संशोधन) अधिनियम, 1975 के माध्यम से 22वें राज्य के रूप में औपचारिक रूप से भारत में शामिल किया गया था। यह अधिनियम 16 मई 1975 को पारित किया गया था, जो 26 अप्रैल 1975 से पूर्वव्यापी प्रभाव (retrospective effect) से लागू हुआ। सिक्किम में मुख्य रूप से तीन समुदाय शामिल हैं: भूटिया, लेप्चा और नेपाली।
सिक्किम विशेष
सिक्किम के उत्तर और उत्तर-पूर्व में तिब्बत, पूर्व में भूटान, पश्चिम में नेपाल और दक्षिण में पश्चिम बंगाल स्थित है। सिक्किम, बांग्लादेश के पास भारत के सिलीगुड़ी कॉरिडोर के भी करीब स्थित है। यहाँ कंचनजंगा चोटी स्थित है, जो भारत की सबसे ऊँची और पृथ्वी की तीसरी सबसे ऊँची चोटी है। राज्य का लगभग 35% हिस्सा कंचनजंगा राष्ट्रीय उद्यान से घिरा हुआ है।


