प्रोफेसर कावेह मदानी ने 2026 स्टॉकहोम वॉटर प्राइज जीता

संयुक्त राष्ट्र विश्वविद्यालय के जल, पर्यावरण और स्वास्थ्य संस्थान (UNU-INWEH) के निदेशक, निर्वासित ईरानी प्रोफेसर कावेह मदानी (Kaveh Madani) को 2026 के ‘स्टॉकहोम वॉटर प्राइज’ (Stockholm Water Prize) विजेता के रूप में नामित किया गया है। स्टॉकहोम वॉटर फाउंडेशन और रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने प्रोफेसर कावेह मदनी को उनके अभूतपूर्व शोध और वैश्विक नेतृत्व के लिए मान्यता दी है, जिसने सरकारों द्वारा जल संकट के प्रबंधन के तरीके को बदल दिया है।

उनके कार्य ने वैश्विक जल चर्चाओं के केंद्र को बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) से हटाकर शासन (गवर्नेंस) पर केंद्रित कर दिया है और यह प्रदर्शित किया है कि कमजोर शासन संरचनाएं अक्सर गंभीर जल संकटों के मूल में होती हैं। उन्होंने सीमा पार जल मुद्दों की वैश्विक समझ को भी आगे बढ़ाया है, जिससे दुनिया भर में साझा नदी घाटियों के संघर्ष समाधान और स्थायी प्रबंधन के लिए विज्ञान-आधारित दृष्टिकोण विकसित हुए हैं।

स्टॉकहोम वॉटर प्राइज

1991 में स्थापित, स्टॉकहोम वॉटर प्राइज प्रतिवर्ष रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के सहयोग से स्टॉकहोम वॉटर फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है।

प्रत्येक वर्ष के विजेता की घोषणा 22 मार्च को ‘विश्व जल दिवस’ के आसपास की जाती है, और फिर अगस्त में ‘विश्व जल सप्ताह’ के दौरान एक शाही समारोह में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाता है।

इस पुरस्कार में 10 लाख (1 मिलियन) SEK की नकद राशि और एक विशिष्ट क्रिस्टल मूर्तिकला शामिल है।

error: Content is protected !!