जलपाईगुड़ी सुधार गृह में ‘हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV)’ का संक्रमण
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी केंद्रीय सुधार गृह (JCCH) के लगभग 92 कैदी 20 अगस्त, 2025 से इस साल 9 मार्च के बीच हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV) से संक्रमित हुए, जिनमें से सात संक्रमित कैदियों की इस संक्रमण के कारण जान चली गई। यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है क्योंकि जलपाईगुड़ी केंद्रीय सुधार गृह राज्य के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले जेलों में से एक है, जहाँ लगभग 700 की स्वीकृत क्षमता के विरुद्ध 1,200 से अधिक कैदी बंद हैं।
हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV)
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV), जिसे हर्पीज के रूप में जाना जाता है, एक सामान्य संक्रमण है जो दर्दनाक छाले या अल्सर का कारण बन सकता है। यह मुख्य रूप से त्वचा से त्वचा के संपर्क (skin-to-skin contact) से फैलता है। इसका उपचार संभव है लेकिन इसे पूरी तरह से ठीक (curable) नहीं किया जा सकता है।
हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस के दो प्रकार हैं:
- टाइप 1 (HSV-1): यह ज्यादातर ओरल कॉन्टैक्ट से फैलता है और मुंह के अंदर या उसके आसपास संक्रमण (ओरल हर्पीज या कोल्ड सोर) का कारण बनता है। यह जननांग हर्पीज (genital herpes) का कारण भी बन सकता है। अधिकांश वयस्क HSV-1 से संक्रमित होते हैं।
- टाइप 2 (HSV-2): यह यौन संपर्क से फैलता है और जननांग हर्पीज का कारण बनता है।
दवाएं इसके लक्षणों को कम कर सकती हैं लेकिन संक्रमण को जड़ से खत्म नहीं कर सकतीं। लोगों में समय के साथ बार-बार इसके लक्षण उभर सकते हैं । ये आमतौर पर पहले प्रकोप की तुलना में कम अवधि के और कम गंभीर होते हैं। आमतौर पर दी जाने वाली एंटीवायरल दवाओं में एसाइक्लोविर (acyclovir), फैमिक्लोविर (famciclovir) और वैलेसाइक्लोविर (valacyclovir) शामिल हैं।
HSV-1 मुख्य रूप से मुंह में या उसके आसपास के छालों, लार या त्वचा की सतहों में वायरस के संपर्क के माध्यम से फैलता है। कम सामान्यतः, HSV-1 मौखिक-जननांग संपर्क के माध्यम से जननांग क्षेत्र में फैल सकता है जिससे जननांग हर्पीज हो सकता है।
HSV-2 मुख्य रूप से यौन संबंध के दौरान जननांग या गुदा की सतहों, त्वचा, छालों या संक्रमित व्यक्ति के तरल पदार्थों के संपर्क के माध्यम से फैलता है।
दुर्लभ परिस्थितियों में, हर्पीज (HSV-1 और HSV-2) प्रसव के दौरान माँ से बच्चे में फैल सकता है, जिससे नियोनेटल हर्पीज (neonatal herpes) हो सकता है।
Sources: The Hindu & WHO


