काजीरंगा ने ग्रेटर हॉग बैजर पर अपनी पहली वैज्ञानिक रिपोर्ट जारी की
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व ने ग्रेटर हॉग बैजर (Arctonyx collaris) पर अपनी पहली वैज्ञानिक मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की है। इस निशाचर, छोटे और जमीन खोदने वाले सर्वाहारी स्तनपायी जीव को असमिया भाषा में ‘माटी गाहोरी’ (mati gahori) कहा जाता है।
काजीरंगा के टाइगर सेल द्वारा ‘वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट’ (Wildlife Conservation Trust) और ‘द फिशिंग कैट प्रोजेक्ट’ (The Fishing Cat Project) के सहयोग से किए गए इस अध्ययन में पुष्टि हुई है कि यह विश्व स्तर पर संवेदनशील प्रजाति, जिसे भारत के वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची 1 के तहत संरक्षित किया गया है, पार्क के विविध आवासों में फल-फूल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 1100 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में कम से कम 55 हॉग बैजर होने का अनुमान है, जो एक स्वस्थ और संभावित रूप से व्यवहार्य आबादी का संकेत देता है जो पूरे परिदृश्य में व्यापक रूप से वितरित है।
ग्रेटर हॉग बैजर के बारे में
ग्रेटर हॉग बैजर (Arctonyx collaris) दक्षिण-पूर्व एशिया मूल का एक बहुत बड़ा स्थलीय मस्टेलिड (mustelid) है। विश्व स्तर पर, हॉग बैजर की तीन जीवित प्रजातियां हैं: ग्रेटर हॉग बैजर (A. collaris), उत्तरी हॉग बैजर (A. albogularis) और सुमात्राण हॉग बैजर (A. hoevenii), जिनमें से पहली दो भारत में पाई जाती हैं।
इनमें से ग्रेटर हॉग बैजर आकार में सबसे बड़े होते हैं। हॉग बैजर दक्षिण, मध्य और दक्षिण-पूर्व एशिया के विभिन्न हिस्सों में पाए जाते हैं। इनका विस्तार बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत से पूर्व की ओर म्यांमार, थाईलैंड, लाओ पीडीआर और वियतनाम तक, और दक्षिण में कंबोडिया और प्रायद्वीपीय थाईलैंड तक फैला हुआ है।
ग्रेटर हॉग बैजर पारिस्थितिक रूप से महत्वपूर्ण मेसोकार्निवोर (mesocarnivore) है, जिसका काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में संरक्षण केवल एक प्रजाति के अस्तित्व से कहीं अधिक मायने रखता है। एक सर्वाहारी और जमीन खोदने वाले (fossorial) स्तनपायी के रूप में, यह प्रजाति भोजन की तलाश के दौरान मिट्टी को खोदने, पोषक तत्वों के पुनर्वितरण और पत्तियों के कचरे (leaf litter) को पलटने के माध्यम से पारिस्थितिकी तंत्र के कामकाज में योगदान देती है।


