भारत सरकार किशोर लड़कियों के लिए देश भर में मुफ़्त HPV टीकाकरण शुरू करने जा रहा है

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय 14 वर्ष की आयु की लड़कियों को लक्षित करते हुए एक देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। यह टीकाकरण स्वैच्छिक और निःशुल्क होगा, जो सभी सामाजिक-आर्थिक समूहों में समान पहुंच सुनिश्चित करेगा।

भारत Gardasil का उपयोग करेगा, जो एक ‘क्वाड्रीवलेंट’ (quadrivalent) HPV वैक्सीन है। यह HPV टाइप 16 और 18 (जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं) के साथ-साथ टाइप 6 और 11 से सुरक्षा प्रदान करती है। ‘गावी’ (Gavi – द वैक्सीन एलायंस) के साथ भारत की साझेदारी के तहत, गार्डासिल वैक्सीन को राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराया गया है। यह वैक्सीन भारत के औषधि नियामक द्वारा अनुमोदित है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से उपयोग की जाती है।

HPV टीकाकरण विशेष रूप से निर्दिष्ट सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर और प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। साथ ही, कुशल स्वास्थ्य देखभाल टीमें टीकाकरण के बाद निगरानी और प्रतिकूल घटनाओं (AEFI) के प्रबंधन के लिए तैनात रहेंगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अनुशंसित एकल-खुराक (single-dose) वैक्सीन पद्धति को अपनाया जाएगा।

इसकी निरंतर उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए, भारत ने एक पारदर्शी और वैश्विक स्तर पर समर्थित खरीद तंत्र के माध्यम से वैक्सीन की आपूर्ति सुरक्षित की है। पर्याप्त प्रमाण मौजूद हैं कि सर्वाइकल कैंसर के लगभग सभी मामले उच्च जोखिम वाले HPV प्रकारों, विशेष रूप से 16 और 18 के निरंतर संक्रमण के कारण होते हैं। भारत में सर्वाइकल कैंसर के 80% से अधिक मामलों के लिए ये दो प्रकार ही जिम्मेदार हैं।

भारत में महिलाओं के बीच सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर बना हुआ है, जिसमें सालाना लगभग 80,000 नए मामले और 42,000 से अधिक मौतें दर्ज की जाती हैं। भारत में सर्वाइकल कैंसर का यह भारी बोझ ही इस निर्णय को जीवन बचाने वाला एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप बनाता है: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के क्षेत्रों में दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र (SEARO) सर्वाइकल कैंसर के नए मामलों और मृत्यु दर में दूसरे स्थान पर है, जिसमें अकेले भारत का योगदान 65% से अधिक है।

error: Content is protected !!