यूनेस्को ने वेनिस शहर को विश्व विरासत की खतरे वाली सूची में डालने की सिफारिश की है

यूनेस्को के विशेषज्ञों ने सिफारिश की है कि एड्रियाटिक सागर के पास बसे वेनिस और उसके लैगून को विश्व विरासत की खतरे वाली सूची (World Heritage in Danger) में जोड़ा जाए क्योंकि इटली अपने इस सांस्कृतिक शहर को जलवायु परिवर्तन और बड़े पैमाने पर पर्यटन के प्रभाव से बचाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहा है।

वर्ष 2021 में भी यूनेस्को ने इसी तरह का सुझाव दिया था, लेकिन वेनिस ने बड़े क्रूज जहाजों को शहर में आने से प्रतिबंधित करके संरक्षण की दिशा में प्रयास किये थे।

सितंबर 2023 में सऊदी अरब के रियाद में होने वाली यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति के सत्र से पहले यूनेस्को ने एक बार फिर वेनिस को वर्ल्ड हेरिटेज इन डेंजर सूची में डालने की सिफारिश की है।

बता दें कि पानी के बीच बसा और सांस्कृतिक स्थलों के लिए जाना जाने वाला वेनिस वर्षों से बड़े पैमाने पर पर्यटन से जूझ रहा है

यूनेस्को की इंडेजर्ड सूची में वेनिस को शामिल करने से जागरूकता बढ़ेगी और शहर की दुर्दशा पर अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित होगा।

समिति सितंबर सत्र में 200 से अधिक साइटों का मूल्यांकन करेगी और तय करेगी कि किन धरोहरों को खतरे की सूची में जोड़ा जाए। इनमें से लगभग 10 साइट्स के लिए, विशेषज्ञों का सुझाव है कि सदस्य देश उन्हें खतरे की सूची में डाल दें, जिनमें पहले से ही यूक्रेन का ओडेसा शहर,  माली में टिम्बकटू शहर के साथ सीरिया, इराक और लीबिया में कई साइट्स शामिल हैं।

वर्ल्ड हेरिटेज इन डेंजर

वर्ल्ड हेरिटेज इन डेंजर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उन स्थितियों के बारे में सूचित करने के लिए डिज़ाइन की गई है जो उन विशेषताओं को खतरे में डालती हैं जिनके कारण किसी धरोहर को को यूनेस्को  विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया था।

इससे समय रहते संरक्षण के लिए उपाय किये जा सकते हैं और धरोहर को बचाया जा सकता है।

फ़िलहाल वर्ल्ड हेरिटेज इन डेंजर में शामिल कुछ धरोहर स्थल हैं:  ईरान का बाम शहर; अफगानिस्तान में बामियान घाटी, यमन में ऐतिहासिक शहर जाबिद; कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में गरम्बा, काहुज़ी-बेगा, सालॉन्गा, विरुंगा राष्ट्रीय उद्यान तथा ओकापी वन्यजीव अभ्यारण्य

error: Content is protected !!