राष्ट्रपति ने 80 सैन्यकर्मियों को वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 80 सैन्य कर्मियों को वीरता पुरस्कारों (gallantry awards) को मंजूरी दे दी है। इनमें छह कीर्ति चक्र शामिल हैं, जिनमें तीन मरणोपरांत सम्मान भी शामिल हैं; 16 शौर्य चक्र (दो मरणोपरांत); 53 सेना पदक (सात मरणोपरांत); एक नौसेना पदक (वीरता) और चार वायु सेना पदक (वीरता)।

गौरतलब है कि वीरता पुरस्कारों की घोषणा साल में दो बार की जाती है – गणतंत्र दिवस के अवसर पर और फिर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर।

इन पुरस्कारों का वरीयता क्रम (Order of precedence) है; परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र।

परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र दुश्मनों के समक्ष शूरवीरता दिखाने के लिए दिए जाते हैं।

अशोक चक्र भारत का सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है। इसके पश्चात कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र का स्थान हैं।

error: Content is protected !!