राष्ट्रपति बीकानेर में 14वें राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में शामिल हुईं

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 27 फरवरी 2023) को राजस्थान के बीकानेर में 14वें राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में शामिल हुईं और उन्होंने महोत्सव को संबोधित किया।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव जैसे उत्सव न सिर्फ देश की कला और संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजूबत करते हैं। इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को हमारी बहुमूल्य एवं समृद्ध संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को जानने व समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रौद्योगिकी को परंपराओं के साथ और विज्ञान को कला के साथ जोड़ना आवश्यक है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी की मदद से हर क्षेत्र में नए प्रयोग हो रहे हैं। कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी प्रौद्योगिकी को अपनाया जा रहा है। हम नई प्रौद्योगिकी के माध्यम से अपने देश की कला, परंपरा और संस्कृति की पहुंच का दायरा बढ़ा सकते हैं। हम सभी को भारत की बहुमूल्य और समृद्ध संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। साथ ही, हमें अपनी परंपराओं में नए विचारों और सोच को जगह देनी चाहिए, ताकि हम अपने युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को इन परंपराओं से जोड़ सकें। यह बहुत जरूरी है कि हमारे युवा और बच्चे इस देश की अनमोल विरासत के महत्व को समझें।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि इस कला संगम में जहां वरिष्ठ कलाकार अपनी सधी कला से सुधी दर्शकों का दिल जीत रहे हैं, वहीं युवा उनसे प्रेरणा लेकर कला को आधुनिक पुट देकर और आकर्षक बना रहे हैं।

error: Content is protected !!