बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेल: 61 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्‍थान पर भारत

वर्ष 2022 का राष्ट्रमंडल खेल, जिसे आधिकारिक तौर पर XXII राष्ट्रमंडल खेलों (XXII Commonwealth Games) के रूप में जाना जाता है का आयोजन 28 जुलाई से 8 अगस्त 2022 तक इंग्लैंड के बर्मिंघम (Birmingham 2022) में हुआ।

इंग्लैंड के बर्मिंघम में 8 अगस्त को भव्‍य समारोह में 22 वें राष्‍ट्रमंडल खेलों का समापन हो गया। 11 दिन तक चले इस आयोजन में 72 देशों के पांच हजार से अधिक खिलाडि़यों ने भाग लिया।

समापन में संगीतमय प्रस्‍तुति के बाद राष्‍ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले 72 देशों के खिलाडि़यों ने अपने-अपने राष्‍ट्रीय ध्‍वज के साथ स्‍टेडियम का चक्‍कर लगाया। राष्‍ट्रीय ध्‍वज के साथ भारतीय दल का नेतृत्‍व मुक्‍केबाज निकहत जरीन और टेबिल टेनिस खिलाडी अचंता शरत कमल ने किया।

समापन के बाद राष्‍ट्रमंडल खेल संघ का ध्‍वज ऑस्‍ट्रेलिया के विक्‍टोरिया प्रांत को सौंप दिया गया। विक्‍टोरिया प्रांत वर्ष 2026 में अगले राष्‍ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा।

खेलों में भारत के प्रदर्शन की बात करें तो 22 स्‍वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्‍य पदक समेत कुल 61 पदक जीतकर भारत चौथे स्‍थान पर रहा। भारतीय दल ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया।

भारत की पदक तालिका में कुश्‍ती का सर्वाधिक योगदान रहा। भारतीय पहलवानों ने 6 स्‍वर्ण सहित 12 पदक जीते, भारोत्‍तोलन में दस पदक मिले।

पुरुष हॉकी टीम ने रजत पदक जीता। खेलों के अंतिम दिन भारत ने चार स्‍वर्ण, एक रजत और एक कांस्‍य पदक जीता। 67 स्‍वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्‍य पदक सहित कुल 178 पदक जीतकर ऑस्‍ट्रेलिया पदक तालिका में सबसे ऊपर रहा। जबकि, मेजबान इंग्‍लैंड 175 पदक लेकर दूसरे स्‍थान पर रहा।

बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने महिला एकल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि लक्ष्‍यसेन ने पुरुष एकल में स्वर्ण पदक प्राप्‍त की। पुरुष युगल मुकाबले में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रनकीरेड्डी ने तीसरा स्‍वर्ण पदक दिलाया।

टेबल टेनिस में अचंता शरत कमल ने स्‍वर्ण पदक हासिल किया, जबकि जी. साथियान ने पुरुष एकल का कांस्‍य पदक जीता।

पुरुष हॉकी में भारतीय टीम को रजत पदक मिला।

महिला क्रिकेट टीम ने रजत पदक जीता।

मुक्केबाजी में निकहत ज़रीन ने 50 किलो, नीतू ने 48 किलो और अमित पंघल ने 51 किलो में देश को स्वर्ण दिलाया।

भारोत्तोलन 73 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे अचिंता शेउली ने स्वर्ण पदक जीता।

पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में बजरंग पुनिया ने 65 किलोग्राम वर्ग में कनाडा के लैचलन मैकनील को 9-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि दीपक पुनिया ने 86 किग्रा वर्ग में पाकिस्तान के मुहम्मद इनाम को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

महिला फ्रीस्टाइल वर्ग में साक्षी मलिक ने 62 किग्रा वर्ग में कनाडा की गोडिनेज़ गोंजालेज़ को हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंशु मलिक को 57 किलोग्राम वर्ग में नाइजीरिया की फोलासाडे अदेकुयोरोये से 3-7 से हारने पर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। दिव्या काकरान ने 68 किलोग्राम वर्ग में टोंगा की टाइगर लिली कॉकर लेमाली को हराकर कांस्य पदक जीता।

पुरूषों के ट्रिपल जंप में एल्डोस पॉल ने स्वर्ण और अब्दुल्ला अबू बकर ने रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। संदीप कुमार ने दस हजार मीटर रेस वॉक में और जैवलिन थ्रो में अन्नू रानी ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की ऊंची कूद में तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीता। कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स इतिहास में हाई जम्‍प में भारत का यह पहला पदक है।

स्क्वॉश में सौरव घोषाल ने इतिहास रचते हुये कांस्‍य पदक जीतने में कामयाबी पाई। स्क्वॉश के सिंगल्स स्‍पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में भारत का यह पहला पदक है। 

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन बॉल में इतिहास रचते हुए भारतीय महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया। यह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में लॉन बॉल में भारत का पहला पदक है। महिला लॉन बॉल्स में इतिहास रचते हुए नयनमोनी सैकिया, पिक्‍की, लवली चौबे और रूपारानी टिर्की की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हराकर स्‍वर्ण पदक जीता।

error: Content is protected !!