23वीं इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA)-काउन्सिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक

भारत, बांग्लादेश, मॉरीशस, ईरान, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों ने 11 अक्टूबर, 2023 को कोलंबो में 23वीं इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA)-काउन्सिल ऑफ़ मिनिस्टर्स की बैठक में भाग लिया।

प्रमुख बिंदु

हिंद महासागर रिम एसोसिएशन के मंत्रियों की परिषद (IORA-COM) की बैठक की थीम ‘रीइन्फोर्सिंग इंडियन ओशन आइडेंटिटी’ थी।

श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी ने अगले दो वर्षों के लिए IORA की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था, काउन्सिल ऑफ़ मिनिस्टर्स की अध्यक्षता ग्रहण की।

भारत के विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने एक मजबूत और रेसिलिएंट हिंद महासागर समुदाय बनाने की भारत की प्राथमिकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र के भीतर घनिष्ठ सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है और फर्स्ट रेस्पॉन्डर बना रहना चाहता है।

विदेश मंत्री ने भारत की SAGAR और नेबरहुड फर्स्ट नीति का उल्लेख करते हुए सुरक्षित और समृद्ध हिंद महासागर के महत्व पर प्रकाश डाला।

हिंद महासागर रिम एसोसिएशन फॉर रीजनल कोऑपरेशन (IORARC)

IORARC की स्थापना मार्च 1997 में मॉरीशस में हुई थी। ऐसा माना जाता है कि यह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के मस्तिष्क की उपज थी।

यह हिंद महासागर के तट स्थित देशों का एक अंतरसरकारी संगठन है। इसका उद्देश्य हिंद महासागर तटीय देशों में व्यापार और निवेश के विस्तार सहित आर्थिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है।

IORARC का सचिवालय पोर्ट लुइस (मॉरीशस) में स्थित है।

IORA के सदस्य देशों में अफ्रीका, पश्चिम एशिया, दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और ओशिनिया के देश शामिल हैं। एसोसिएशन की सदस्यता 23 सदस्य देशों और 11 संवाद भागीदारों तक विस्तारित हो गई है। भारत IORARC के संस्थापक सदस्यों में से एक है।

IORARC का सर्वोच्च निकाय विदेश मंत्रियों की मंत्रिपरिषद (COM) है।

IORA के 23 सदस्य देश हैं: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कोमोरोस, फ्रांस, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोज़ाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन।

इसके 11 संवाद भागीदार (dialogue partners) हैं: चीन, मिस्र, सऊदी अरब, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, तुर्किये, यू.के. और यू.एस.

error: Content is protected !!