एस फांगनोन कोन्याक नगालैंड से राज्यसभा की अध्यक्षता करने वाली पहली महिला सदस्य बनीं

राज्यसभा में नगालैंड से पहली महिला सदस्य, श्रीमती फांगनोन कोन्याक (S. Phangnon Konyak) ने 25 जुलाई 2023 को सदन की अध्यक्षता की। इससे पहले उन्होंने 17 जुलाई, 2023 को उप-सभापतियों के पैनल में नियुक्त होने वाली पहली महिला सदस्य बनकर इतिहास रचा था।

लैंगिक समानता लाने के प्रति एक उल्लेखनीय कदम के रूप में, राज्यसभा के सभापति, श्री जगदीप धनखड़ ने कुछ दिन पहले चार महिला सदस्यों (कुल संख्या का 50%) को उप-सभापतियों के पैनल में नामित किया था।

यह भी उल्लेखनीय है कि पैनल में नामांकित सभी महिला सदस्य पहली बार सांसद बनी हैं।

मानसून सत्र से पहले पुनर्गठित पैनल में कुल आठ नाम हैं, जिनमें से आधी संख्या महिलाओं की है।

उच्च सदन के इतिहास में यह पहली बार है कि उप-सभापतियों के पैनल में महिला सदस्यों को समान संख्या में प्रतिनिधित्व दिया गया है।

error: Content is protected !!