रक्षा मंत्री ने वृंदावन में पहला गर्ल्स सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 01 जनवरी, 2024 को मथुरा के वृन्दावन (उत्तर प्रदेश) में संविद गुरुकुलम गर्ल्स सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया।

यह पहला पूर्णतः लड़कियों वाला सैनिक स्कूल है। इसमें 870 बालिका विद्यार्थियों को शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि संविद गुरुकुल गर्ल्स सैनिक स्कूल उन लड़कियों के लिए प्रकाश की किरण है, जो सशस्त्र बलों में शामिल होने और मातृभूमि की सेवा करने की इच्छा रखती हैं।

सभी राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों में कक्षा 6वीं से शुरू होने वाले एनजीओ/निजी/राज्य सरकारी स्कूलों के साथ साझेदारी मोड में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने की पहल के तहत इस स्कूल का उद्घाटन किया गया है, जिनमें से 42 स्थापित किए जा चुके हैं।

ये मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों के अतिरिक्त हैं जो पहले से ही पूर्ववर्ती पैटर्न के तहत काम कर रहे हैं।

वर्ष 2019 में, रक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 से चरणबद्ध तरीके से सैनिक स्कूलों में लड़कियों के प्रवेश को मंजूरी दी थी। मिजोरम के सैनिक स्कूल छिंगछिप में रक्षा मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद यह निर्णय लिया गया था।

केंद्र सरकार ने सैनिक स्कूल सोसायटी के साथ निजी और सार्वजनिक दोनों मिलाकर 100 स्कूलों की संबद्धता के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

देश में सैनिक स्कूलों की एक सीरीज स्थापित करने का विचार वर्ष 1961 में तत्कालीन केंद्रीय रक्षा मंत्री स्वर्गीय श्री वी.के. कृष्ण मेनन द्वारा किया गया था।
सैनिक स्कूल सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा शासित होते हैं, जो रक्षा मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन है।

error: Content is protected !!