लैंगिक समानता हेतु ‘नयी चेतना 4.0’ पहल
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री, डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर, ने लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया है। उन्होंने सभी हितधारकों से “एक आवाज, एक संकल्प, समानता के लिए एक नई शुरुआत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।
‘नयी चेतना 4.0’ की मुख्य बातें:
- राज्य स्तरीय ‘नयी चेतना 4.0’ (Nayi Chetna 4.0 – National Campaign on Gender Equality and Women Empowerment) के शुभारंभ के अवसर पर, डॉ. पेम्मासानी ने इस पहल को लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध एक शक्तिशाली जन आंदोलन कहा।
- उन्होंने हिंसा के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान किया।
- DAY-NRLM के अंतर्गत ‘नई चेतना’ निम्नलिखित पर ध्यान केंद्रित कर रही है:
- महिला समूहों को मजबूत करना।
- लैंगिक हिंसा के प्रति जीरो टॉलरेंस (शून्य सहनशीलता) को बढ़ावा देना।
- पुरुषों और लड़कों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना।
- महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को आगे बढ़ाना।
‘नई चेतना’ अभियान की प्रगति:
- ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 2021 में शुरू हुआ यह अभियान अब एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन चुका है।
- इसे लगभग 1 करोड़ स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं चला रही हैं।
- देशभर में 13 लाख से अधिक बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक ग्रामीण नागरिकों ने जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया है।
- यह पहल 12 केंद्रीय मंत्रालयों के समन्वय से कार्यान्वित की जा रही है।
- इसका मुख्य ध्यान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण पर है, जिसमें भूमि, बैंकिंग और प्रौद्योगिकी तक बेहतर पहुंच शामिल है।
दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM)
DAY-NRLM भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा एक प्रमुख गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम है।
उद्देश्य:
- गरीब परिवारों को लाभकारी स्व-रोज़गार और कुशल वेतन रोजगार के अवसर प्रदान करके गरीबी को कम करना।
- गरीबों के लिए स्थायी और विविध आजीविका विकल्प उपलब्ध कराना।
कार्यप्रणाली:
- ग्रामीण गरीब परिवारों को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) में संगठित करना।
- उन्हें आर्थिक गतिविधियों में निरंतर सहयोग और समर्थन देना।
- यह समर्थन तब तक दिया जाता है जब तक कि वे अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि प्राप्त न कर लें और भयानक गरीबी से बाहर न आ जायें।


