इंडोनेशिया ने भविष्य की राजधानी नुसंतारा में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया

इंडोनेशिया ने 17 अगस्त, 2024 को भविष्य की अपनी राजधानी नुसंतारा (Nusantara) में एक समारोह के साथ स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे किए।

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो और कैबिनेट मंत्रियों ने पौराणिक ईगल-विंग्ड रक्षक आकृति गरुड़ के आकार में निर्मित नए राष्ट्रपति महल में स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

बता दें कि इंडोनेशिया की वर्तमान राजधानी जकार्ता है जो कई प्रकारों को दबावों को झेल रही है।  

जकार्ता की शहरी सीमा में लगभग 10 मिलियन लोग रहते हैं और महानगरीय क्षेत्र में इसकी संख्या तीन गुना है। यह शहर प्रायः बाढ़ की चपेट में रहता है और इसकी सड़कें इतनी भीड़भाड़ वाली होती है कि इससे अर्थव्यवस्था को सालाना लगभग 4.5 बिलियन डॉलर का नुकसान होता है।

जावा द्वीप के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित पुरानी राजधानी जकार्ता में हवा और भूजल अत्यधिक प्रदूषित हैं और इसे दुनिया का सबसे तेज़ी से डूबता शहर बताया गया है। अनुमान है कि अनियंत्रित भूजल दोहन और जलवायु परिवर्तन के कारण जावा सागर के जल स्तर बढ़ने के कारण 2050 तक इस शहर का एक तिहाई हिस्सा डूब सकता है।

इसी को देखते हुए बोर्नियो द्वीप पर स्थित नुसंतारा को नई राजधानी बनाने का निर्णय लिया गया। इसका निर्माण 2022 के मध्य में शुरू हुआ, जो बोर्नियो के जंगल से लगभग 2,600 वर्ग किमी (1,000 वर्ग मील) के क्षेत्र में फैला हुआ है।

गौरतलब है कि लगभग 275 मिलियन की आबादी वाला इंडोनेशिया दक्षिण पूर्व एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

error: Content is protected !!