Chang’e-6: चंद्रमा के फार साइड से सैंपल वापस लाने वाला दुनिया का पहला अंतरिक्ष यान

चीन का चांग’ई-6 (Chang’e-6) स्पेसक्राफ्ट 25 जून 2024 को चंद्रमा के उस हिस्से से सैंपल वापस लाने वाला दुनिया का पहला अंतरिक्ष यान बन गया, जो पृथ्वी से कभी नहीं दीखता। चांग’ई-6 मानव इतिहास का पहला मिशन है जो चंद्रमा के फार साइड से नमूने वापस लाता है।

फार साइड से नमूनों की जांच करने से वैज्ञानिकों को चंद्रमा की उत्पत्ति और विकास के बारे में रहस्यों को सुलझाने में मदद मिल सकती है।

चांग’ई-6 यान 53 दिनों का मिशन था। चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने के बाद इस मिशन के ऑर्बिटर ने पृथ्वी के इस प्राकृतिक उपग्रह की परिक्रमा की, जबकि इसका लैंडर चंद्र सतह पर 2,500 किलोमीटर चौड़े साउथ पोल-ऐटकेन बेसिन में उतरा।

चीन एकमात्र ऐसा देश है जिसने चंद्रमा के फार साइड हिस्से पर सॉफ्ट-लैंडिंग की है। बता दें कि 2019 में, चीन का चांग’ए-4 मिशन फार साइड में ही उतरा था और रोवर की मदद से चंद्रमा के वॉन कार्मन क्रेटर का अन्वेषण किया।

चंद्रमा के फार साइड को अक्सर डार्क साइड कहा जाता है क्योंकि इसे पृथ्वी से नहीं देखा जा सकता है, इसलिए नहीं कि यहाँ सूर्य की किरणें नहीं आती।

चंद्रमा पृथ्वी के साथ टाइडली लॉक्ड है और इसलिए, हम चंद्रमा का केवल एक ही साइड या हिस्सा हमेशा देखते हैं, जिसे नियर साइड भी कहा जाता है।

दरअसल पृथ्वी का एकमात्र चंद्रमा यानी मून भी अपनी धुरी पर घूर्णन (रोटेट) करता है, लेकिन चंद्रमा को अपनी धुरी पर घूर्णन में ठीक उतना ही समय लगता है जितना कि उसे पृथ्वी के चारों ओर अपनी मासिक परिक्रमा पूरी करने में लगता है। नतीजतन, चंद्रमा कभी भी हमारी ओर पीठ नहीं करता यानी हमेशा उसका एक ही साइड दीखता है।

error: Content is protected !!