अफ्रीकी संघ (AU)  ने नाइजर की सदस्यता निलंबित की

नाइजर (Niger) में तख्तापलट के पश्चात अफ्रीकी संघ (African Union: AU)  ने अपने सभी अंगों और संस्थानों की सभी गतिविधियों में उसकी भागीदारी को “तुरंत” निलंबित करने का निर्णय लिया है।  

गौरतलब है कि 26 जुलाई 2023 को नाइजर के राष्ट्रपति मोहम्मद बज़ौम को अपदस्थ करने वाले सैन्य तख्तापलट के कारण कई पश्चिमी देशों ने नाइजर को दी जाने वाली सहायता में कटौती कर दी है।

पश्चिमी अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय (ECOWAS) ने भी प्रतिबंध लगाए है, हालांकि उसने अपने संगठन से नाइजर को बाहर नहीं निकाला है।

पश्चिमी अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय (ECOWAS)

पंद्रह पश्चिमी अफ़्रीकी देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों ने 28 मई 1975 को नाइजीरिया के लागोस में इकोवास संधि पर हस्ताक्षर करके पश्चिमी अफ़्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय (Economic Community of West African States : ECOWAS) की स्थापना की।

ECOWAS के सदस्य देश हैं; बेनिन, बुर्किना फासो, काबो वर्डे, कोटे डी आइवर, गैम्बिया, घाना, गिनी, गिनी बिसाऊ, लाइबेरिया, माली, नाइजर, नाइजीरिया, सिएरा लियोन, सेनेगल और टोगो।  

ECOWAS की स्थापना इसके सदस्य देशों के लिए सामूहिक आत्मनिर्भरता के आदर्श को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। एक व्यापारिक संघ के रूप में, इसका उद्देश्य आर्थिक सहयोग के माध्यम से एक एकल, बड़ा व्यापारिक ब्लॉक बनाना भी है।

अफ्रीकी  संघ (AU)

अफ्रीकी  संघ (AU) एक महाद्वीपीय संगठन है जिसमें 55 सदस्य देश शामिल हैं। इसे आधिकारिक तौर पर 2002 में अफ़्रीकी एकता संगठन (OAU, 1963-1999) के उत्तराधिकारी के रूप में लॉन्च किया गया था।

मई 1963 में, स्वतंत्र अफ्रीकी देशों के 32 राष्ट्राध्यक्षों ने अदीस अबाबा इथियोपिया में अफ्रीका की आजादी के बाद की पहली महाद्वीपीय संस्था, द ऑर्गनाइजेशन ऑफ अफ्रीकन यूनिटी (OAU) बनाने वाले चार्टर पर हस्ताक्षर करने के लिए मुलाकात की थी। अफ्रीकी संघ की नींव  इसी अदीस अबाबा घोषणापत्र से हुई।

नाइजर के बारे में

नाइजर साहेल क्षेत्र के मध्य में स्थित एक विशाल देश है। सहारा रेगिस्तान को स्पर्श करने वाला एक विशाल, शुष्क देश, नाइजर ने 1960 में फ्रांस से आजादी के बाद कई सैन्य तख्तापलट और राजनीतिक अस्थिरता का गवाह रहा है।

यह पश्चिमी अफ्रीकी भूमि से घिरा हुआ देश है। यह उत्तर पश्चिम में अल्जीरिया, उत्तर पूर्व में लीबिया, पूर्व में चाड, दक्षिण में नाइजीरिया और बेनिन और पश्चिम में बुर्किना फासो और माली से घिरा है।

इसकी राजधानी नियामी है।

इस देश का नाम नाइजर नदी से लिया गया है, जो इसके क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिमी भाग से होकर बहती है।

नाइजर की 16वीं सदी की अगाडेज़ मस्जिद (Agadez mosque) दुनिया की सबसे ऊंची मिट्टी और ईंट (mud-brick) से बनी संरचना है।

नाइजर में दो महत्वपूर्ण यूरेनियम खदानें हैं जो अफ्रीका के उच्चतम ग्रेड यूरेनियम अयस्कों से विश्व खनन उत्पादन का लगभग 5% प्रदान करती हैं। नाइजर दुनिया का सातवां सबसे बड़ा यूरेनियम उत्पादक है।

error: Content is protected !!