संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन 2022

संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में आयोजित और केन्या और पुर्तगाल की सरकारों द्वारा सह-मेजबानी की गई, 2022 का संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन (2022 UN Ocean Conference: UNOC) 27 जून – 1 जुलाई 2022 तक पुर्तगाल के लिस्बन में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन भारत का प्रतिनिधित्व पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जीतेन्द्र सिंह ने किया।

यह सम्मेलन सतत विकास लक्ष्य-14 के कार्यान्वयन का समर्थन करने के लिए आयोजित किया गया था जो सतत विकास के लिए महासागरों, समुद्रों और समुद्री संसाधनों का संरक्षण और सतत उपयोग से सम्बंधित है।

सम्मेलन में, 150 से अधिक सदस्य देशों ने वर्ष 2030 तक समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के भीतर वैश्विक महासागर के कम से कम 30 प्रतिशत के संरक्षण या सुरक्षा और अन्य प्रभावी क्षेत्र-आधारित संरक्षण उपायों के लिए स्वैच्छिक प्रतिबद्धताएं कीं हैं।

भारत ने एक तटीय स्वच्छ समुद्र अभियान (Coastal Clean Seas Campaign ) के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है और कहा है कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में काम करेगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में, पहला संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित किया गया था, जिसकी मेजबानी फिजी और स्वीडन की सरकारों ने की थी।

महासागर की महत्ता

महासागर पृथ्वी की सतह के 70 प्रतिशत हिस्से को कवर करता है, और पृथ्वी ग्रह का सबसे बड़ा जीवमंडल भी है। यह दुनिया के सभी जीवन रूपों के 80 प्रतिशत तक का पर्यावास है।

यह हमारे लिए आवश्यक ऑक्सीजन का 50 प्रतिशत उत्पन्न करता है, सभी कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन का 25 प्रतिशत अवशोषित करता है और उन उत्सर्जन से उत्पन्न अतिरिक्त ऊष्मा का 90 प्रतिशत कब्जा कर लेता है।

यह न केवल ‘पृथ्वी के फेफड़े’ बल्कि इसका सबसे बड़ा कार्बन सिंक भी है -जोकि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण बफर है।

यह अकल्पनीय जैव विविधता का पोषण करता है और पृथ्वी पर जीवित रहने और फलने-फूलने के लिए आवश्यक भोजन, रोजगार, खनिज और ऊर्जा संसाधनों का उत्पादन करता है।

समुद्र के बारे में हमें अभी भी बहुत कुछ पता नहीं है, लेकिन कई कारण हैं कि हमें इसे सतत रूप से प्रबंधित करने की आवश्यकता है – जैसा कि सतत विकास लक्ष्य 14: ‘जल के नीचे जीवन’ (Life Below Water) के लक्ष्यों में निर्धारित किया गया है।

 GS टाइम्स UPSC प्रीलिम्स (PT) करेंट अफेयर्स  डेली ऑनलाइन अभ्यास  (टेस्ट) के लिए यहाँ क्लिक करें  

यूपीपीसीएस, बीपीएससी, आरपीएससी, जेपीएससी, एमपीपीएससी पीटी परीक्षा के लिए दैनिक करंट अफेयर्स क्विज यहां क्लिक करें

MORE THAN 30 QUESTIONS FORM GS TIMES UPSC 2022 PRELIMS CURRENT AFFAIRS DAILY TEST

error: Content is protected !!