भारत के विरोध के बाद चीनी जासूसी जहाज युआन वांग 5 को हंबनटोटा आने से रोका गया

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने कोलंबो में चीनी दूतावास से चीनी जासूसी जहाज युआन वांग 5 (Yuan Wang 5) की नियोजित यात्रा को अगले आदेश तक रोकने के लिए कहा है। भारत द्वारा अधिक चिंता जताये जाने के बाद ऐसा किया गया है क्योंकि भारत को आशंका है कि उसके क्षेत्र के नजदीक किसी चीनी सैन्य पोत की संभावित उपस्थिति सुरक्षा को खतरा पैदा कर करता है।

चीन के अनुसार ईंधन भरने के उद्देश्य से सैन्य पोत को 11-17 अगस्त तक हंबनटोटा में डॉक करना था । डॉक करने की अनुमति श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने आर्थिक संकट के बीच देश से भागने से पहले दी थी।

उल्लेखनीय है कि भारत, श्रीलंका के बंदरगाह पर एक चीनी सैन्य पोत के डॉकिंग को दक्षिणी भारतीय राज्यों में रणनीतिक प्रतिष्ठानों के लिए सुरक्षा खतरे के रूप में देखता है। इससे पहले, भारत द्वारा नए राष्ट्रपति, रक्षा मंत्रालय और हंबनटोटा में सैन्य अधिकारियों सहित विभिन्न स्तरों पर इसे उठाए जाने के बाद श्रीलंकाई रक्षा मंत्रालय ने इस मामले पर भारत की चिंताओं को शांत करने की कोशिश की थी।

हिंद महासागर क्षेत्र में ‘युआन वांग 5’ होने के सैन्य और रणनीतिक निहितार्थ कई गुना हैं।

युआन वांग 5 जहाज मिसाइल और उपग्रह पर नजर रख सकता है और वर्ष 2014 में कोलंबो बंदरगाह पर डॉक की गई चीनी पनडुब्बी की तुलना में इसकी क्षमता अधिक घातक है।

इस जहाज की हवाई पहुंच 750 किमी से अधिक है, जो तमिलनाडु में कलपक्कम और कूडनकुलम जैसे परमाणु संयंत्रों को इसके जासूसी दायरे में ला देगा । इसके अलावा यह पोत हंबनटोटा में डॉकिंग करने पर केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश राज्यों के कम से कम छह बंदरगाहों की ट्रैकिंग कर सकता है। यह जहाज दक्षिणी भारत के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के बारे में भी जानकारी एकत्र कर सकता है।

चीनी जासूसी जहाज युआन वांग-5, 13 जुलाई को जियानगिन पोर्ट से रवाना हुआ था और 11 अगस्त को श्रीलंका के हंबनटोटा पोर्ट पर पहुंचना था। हंबनटोटा में यह एक हफ्ते यानी 17 अगस्त तक रहता।

हंबनटोटा पोर्ट को चीन ने श्रीलंका से 99 साल की लीज पर लिया है।

इस जहाज को अंतरिक्ष और सैटेलाइट ट्रैकिंग में विशेषज्ञता हासिल है। चीन युआन वांग क्लास शिप के जरिए सैटेलाइट, रॉकेट और इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल ( ICBM) के परिक्षण को ट्रैक करता है।

चीन के पास इस तरह के 7 जहाज हैं, जो पूरे प्रशांत, अटलांटिक और हिंद महासागर में जासूसी करने में सक्षम हैं।

अमेरिकी रक्षा विभाग की के अनुसार, युआन वांग-5 को चीनी पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA ) की स्ट्रैटजिक सपोर्ट फोर्स (SSF) ऑपरेट करती है। स्ट्रैटजिक सपोर्ट फोर्स (SSF) PLA को अंतरिक्ष, साइबर, इलेक्ट्रॉनिक, इंफॉर्मेशन, कम्युनिकेशन और मनोवैज्ञानिक युद्ध मिशन में मदद करती है।

error: Content is protected !!