नीरज चोपड़ा ने फिर रचा इतिहास, ज्यूरिख डायमंड लीग चैंपियन बने

टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जेवलिन (भाला फेंक) खिलाड़ी नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने स्विट्जरलैंड में प्रतिष्ठित ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल 2022 (Zurich Diamond League Final 2022) जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

नीरज चोपड़ा के 88.44 मीटर के दूसरे थ्रो ने उन्हें 7 सितंबर को डायमंड लीग ट्रॉफी दिलाई। बादल छाए रहने की स्थिति में प्रतिस्पर्धा करते हुए, नीरज ने लेट्ज़ीग्रंड स्टेडियम में अपने पहले प्रयास में ओवरस्टेप किया और फाउल किया।

भारतीय भाला खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 88.00 मीटर थ्रो किया। नीरज चोपड़ा ने अपने चौथे प्रयास में 86.11 मीटर और पांचवें प्रयास में 87.00 मीटर रिकॉर्ड किया। उनका आखिरी थ्रो 83.60 मीटर था।

चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जिसे उन्होंने अपने चौथे प्रयास में दर्ज किया था।

जर्मनी के जूलियन वेबर 83.73 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चोपड़ा ने तीसरी बार डायमंड लीग फाइनल्स में भाग लिया है। इससे पहले वह 2017 और 2018 में क्रमश: सातवें और चौथे स्थान पर रहे थे।

चोपड़ा को इस जीत पर डायमंड ट्रॉफी, 30,000 डॉलर की पुरस्कार राशि और हंगरी के बुडापेस्ट में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 के लिए वाइल्ड कार्ड मिला। 24 वर्षीय नीरज चोपड़ा अब ओलंपिक चैंपियन, विश्व चैंपियनशिप का रजत पदक विजेता और डायमंड लीग चैंपियन है।

error: Content is protected !!