ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) 2023: भारत सरकार ने रिपोर्ट को खारिज किया

ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) 2023 में भारत को 125 देशों में से 111वां स्थान दिया गया है। वर्ष 2022 में 121 देशों में भारत 107वें स्थान पर था।

भारत के पड़ोसी देश, पाकिस्तान (102), बांग्लादेश (81), नेपाल (69वां), और श्रीलंका (60) ने सूचकांक में भारत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

दक्षिण एशिया और अफ़्रीका (सहारा के दक्षिण में) दुनिया के सबसे अधिक भुखमरी के स्तर वाले क्षेत्र हैं।

भारत का प्रदर्शन

रैंकिंग में भारत का कुल स्कोर 28.7 रखा गया है, जिसे गंभीर श्रेणी में रखा गया है।

GHI 2023 में 2018-22 के दौरान भारत की चाइल्ड वेस्टिंग (लंबाई की तुलना में कम वजन वाले पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे) दर 18.7 प्रतिशत है जो   दुनिया में सबसे अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार यह तीव्र कुपोषण को दर्शाता है।

भारत में अल्पपोषण की दर 16.6 प्रतिशत है और पाँच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु दर 3.1 प्रतिशत है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 15 से 24 वर्ष की आयु की महिलाओं में एनीमिया की व्यापकता 58.1 प्रतिशत है।

भारत का प्रदर्शन वैश्विक ट्रेंड को दर्शाता है। दुनिया के लिए 2023 GHI स्कोर 18.3 है, जिसे मध्यम माना जाता है।

भारत सरकार ने GHI डेटा को क्यों खारिज किया?

भारत सरकार ने रैंकिंग को खारिज कर दिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि GHI 2023 रिपोर्ट “गंभीर खामियां हैं और दुर्भावनापूर्ण इरादे को दर्शाती है।”

सरकार के अनुसार यह सूचकांक हंगर को गलत तरीके से मापता है। सूचकांक की गणना के लिए उपयोग किए जाने वाले चार संकेतकों में से तीन बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित हैं, और स्वास्थ्य स्थिति पूरी आबादी का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकती हैं।

चौथा और सबसे महत्वपूर्ण संकेतक (अल्पपोषण) 3,000 लोगों के टेलीफोनिक ओपिनियन पर आधारित है।  भारत जैसे विशाल देश के लिए यह सैंपल साइज बहुत छोटा है।

भारत सरकार का यह भी तर्क है कि इसके पोषण ट्रैकर पोर्टल पर दर्ज किए गए डेटा के अनुसार पांच साल से कम उम्र के कुल 7.24 करोड़ बच्चों में चाइल्ड वेस्टिंग की व्यापकता 7.2% है, जबकि GHI ने चाइल्ड वेस्टिंग के लिए 18.7% के मान का उपयोग किया है।

वैश्विक भुखमरी सूचकांक (Global Hunger Index: GHI) के बारे में

GHI वैश्विक, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर भुखमरी को व्यापक रूप से मापने और ट्रैक करने का एक साधन है।

ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) एक पीयर रिव्यू  रिपोर्ट है, जिसे कंसर्न वर्ल्डवाइड और Welthungerhilfe द्वारा वार्षिक आधार पर प्रकाशित किया जाता है।

GHI स्कोर चार घटक संकेतकों के मूल्यों पर आधारित हैं: 1. कैलोरी सेवन के आधार पर अल्पपोषण, 2. पांच साल से कम उम्र के बच्चों में स्टंटिंग (ठिगनापन यानी उम्र के हिसाब से  कम लम्बा), 3. पांच साल से कम उम्र के बच्चों में वेस्टिंग (दुबलेपन यानी लम्बाई के हिसाब से कम वजन), और 4. बाल मृत्यु दर (पांच साल से पहले)।

चार संकेतकों के मूल्यों के आधार पर, GHI स्कोर की गणना भुखमरी की गंभीरता को दर्शाते हुए 100-बिंदु पैमाने पर की जाती है, जहां 0 सबसे अच्छा संभव स्कोर है (कोई भुखमरी  नहीं) और 100 सबसे खराब स्कोर है।

error: Content is protected !!