चीन की आबादी छह दशकों में पहली बार 2022 में कम हुई है

चीन की आबादी छह दशकों में पहली बार 2022 में कम हुई है। यह गिरावट वैसे समय में दर्ज की गयी है जब चीन गंभीर जनसांख्यिकीय संकट का सामना कर रहा है।

चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, चीन में 2022 के अंत में 1.41 बिलियन लोग थे, जो 2021 के अंत की तुलना में 850,000 कम है। चीन में पूर्व नेता माओत्से तुंग के समय गंभीर अकाल का अंतिम वर्ष-1961 के बाद से पहली बार चीन की जनसँख्या में गिरावट दर्ज की गयी है।

जनसंख्या में गिरावट की वजह

नवजात शिशुओं में गिरावट जनसंख्या संकुचन का मुख्य कारण है। 2022 में 9.56 मिलियन बच्चों का जन्म हुआ, जो एक साल पहले 10.62 मिलियन से कम था। यह 1950 के बाद से सबसे कम स्तर पर है। सरकार द्वारा परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयासों के बावजूद यह स्थिति है। कुल 10.41 मिलियन लोगों की मृत्यु हुई, जो हाल के वर्षों में दर्ज 10 मिलियन से मामूली अधिक है।

चीन की जनसंख्या में गिरावट जन्म दर में लगातार कमी का परिणाम है, भले ही पिछले कई दशकों में मृत्यु दर काफी हद तक स्थिर रही है। जन्म दर में गिरावट को शुरू में चीनी शासन द्वारा सफलता की कहानी के रूप में दर्शाया गया, जिसने 1980 के दशक की शुरुआत में देश की जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए वन चाइल्ड पॉलिसी की नीति लागू की थी। चीनी सरकार ने इसकी जगह आधिकारिक तौर पर 2016 में टू- चाइल्ड पॉलिसी अपनाया और फिर 2021 में जोड़ों को तीसरा बच्चा पैदा करने की अनुमति दी गयी। हालांकि, जन्म दर में गिरावट जारी है। चीनी जन्म दर में गिरावट की सबसे बड़ी वजह यह है कि युवा जोड़े बच्चे पैदा करने की आर्थिक लागतों से चिंतित हैं।

बता दें कि चीन के प्रभावशाली आर्थिक विकास की वजह उसके विशाल,अपेक्षाकृत सुशिक्षित और सस्ते श्रम को बताया जाता है। इन वजहों ने चीन को खुद को दुनिया के कारखाने के रूप में स्थापित करने में मदद की। अब बढ़ती उम्र और घटती आबादी का मतलब है कि चीन को अपनी आर्थिक विकास की कहानी को जारी रखने के लिए पर्याप्त और सस्ते श्रमिकों को खोजने में मुश्किल होगी।

चिंता की बात यह भी है चीन की कामकाजी उम्र की आबादी 2012 से कम हो रही है। इसका आयु-निर्भरता अनुपात (age-dependency ratio), जो बच्चों और सेवानिवृत्त लोगों का कामकाजी उम्र की आबादी का अनुपात है, 2010 में 37.12% से बढ़कर 2020 में 44.14% हो गया है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के आधार पर, इस शताब्दी में 15 से 64 वर्ष की आयु के चीनी लोगों की संख्या में 60% से अधिक की गिरावट आएगी।

error: Content is protected !!