NATPOLREX-IX और राष्ट्रीय तेल रिसाव आपदा आकस्मिकता योजना (NOSDCP)

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) द्वारा 25 नवंबर 2023 को वाडिनार (गुजरात) में 9वां राष्ट्रीय स्तरीय प्रदूषण प्रतिक्रिया अभ्यास (NATPOLREX-IX) आयोजित किया गया।

भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक और राष्ट्रीय तेल रिसाव आपदा आकस्मिकता योजना (National Oil Spill Disaster Contingency Plan or NOSDCP) के अध्यक्ष ने अभ्यास के दौरान सभी एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की।

इस अभ्यास में केंद्रीय और तटीय राज्य सरकारों के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों, बंदरगाहों, तेल प्रबंधन एजेंसियों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अभ्यास में 31 से अधिक विदेशी पर्यवेक्षकों और 80 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

NATPOLREX-IX ने NOSDCP के प्रावधानों का उपयोग करके समुद्री तेल रिसाव की स्थिति में विभिन्न रिसोर्स एजेंसियों के बीच तैयारियों और समन्वय के स्तर का परीक्षण करने के अपने उद्देश्य को पूरा किया।

भारतीय तटरक्षक बल ने 07 मार्च 1986 को भारत के समुद्री क्षेत्रों में समुद्री पर्यावरण की रक्षा के लिए जिम्मेदारियाँ संभाली, जब ये जिम्मेदारियाँ जहाजरानी मंत्रालय से स्थानांतरित कर दी गईं।

तत्पश्चात, ICG ने समुद्र में तेल रिसाव आपदा से निपटने के लिए NOSDCP स्थापित किया। NOSDCP तैयार करने के अलावा, तटरक्षक बल ने मुंबई, चेन्नई, पोर्ट ब्लेयर और वाडिनार में चार प्रदूषण प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित किए हैं।

भारतीय तटरक्षक बल भारतीय जल में तेल रिसाव से निपटने के लिए केंद्रीय समन्वय प्राधिकरण ( Central Coordinating Authority) के रूप में कार्य करता है।

error: Content is protected !!