प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 9वां वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 21 जून, 2023 को न्यूयॉर्क शहर में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के प्रतिष्ठित नॉर्थ लॉन में 9वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह (9th annual International Day of Yoga celebrations) का नेतृत्व किया।

इस वर्ष की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ थी। “वसुधैव कुटुम्बकम” यानी “एक पृथ्वी – एक परिवार – एक भविष्य”।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस कार्यक्रम में 135 से अधिक देशों के योग के प्रति उत्साहित हजारों लोगों की जबरदस्त रुचि देखी गई, जिसने एक योग सत्र में अधिकतम संख्या में देशों के लोगों द्वारा भागीदारी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव श्री एंटोनियो गुटेरेस का एक वीडियो संदेश भी चलाया गया। योग सत्र से पहले, प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की, जिसका उद्घाटन दिसंबर 2022 में भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता के दौरान किया गया था।

आईएनएस विक्रांत

रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून, 2023 को स्वदेशी विमान वाहक जहाज आईएनएस विक्रांत पर सशस्त्र बलों और भारतीय तटरक्षक कर्मियों के साथ योगाभ्यास किया।

ओसियन रिंग ऑफ योगा

भारतीय तट रक्षक ने 21 जून, 2023 को पूरे जोश और उत्साह के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। भारतीय तट रक्षकों ने देश की समूची तटरेखा पर स्थित सभी स्टेशनों, जलयानों और तटीय राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडीशा और पश्चिम बंगाल के साथ साथ अंडमान और निकोबार तथा लक्षद्वीप जैसे सुदूर द्वीपों में स्थित यूनिटों में विशेष योग सत्र का आयोजन कर तटीय चक्र/सागरमाला बनाई।

भारतीय प्रायद्वीप में कच्छ (गुजरात) से लेकर कोलकाता (पश्चिम बंगाल) तक भारतीय तटरक्षक बल द्वारा बनाया गया तटीय चक्र इस साल की विषयवस्तु ’ओसियन रिंग ऑफ योगा’ (Ocean Ring of Yoga) पर आधारित उसकी पवित्र योग भागीदारी का प्रतीक है। द्वीपीय (अंडमान और निकोबार तथा लक्षद्वीप), अंतरक्षेत्रीय स्टेशन (गांधीनगर – दिल्ली) अपनी सक्रिय उपस्थिति से इस चक्र के आभूषण बने हैं।

error: Content is protected !!